TNPL 2023: कौन हैं अरुण कार्तिक जिन्होंने छक्के से पूरा किया शतक, टीएनपीएल में रच दिया इतिहास
TNPL 2023: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तरह ही तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। टूर्नामेंट में नेल्लई रॉयल किंग्स और चेपॉक सुपर गिलीज के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ये मैच बेशक हाई स्कोरिंग नहीं था, लेकिन नेल्लई के कप्तान अरुण कार्तिक ने अपने प्रदर्शन से मुकाबले में जान डाल दी।
दरअसल, 24 जून को सलेम क्रिकेट फाउंडेशन ग्राउंड में डबलहेडर के पहले मैच में नेल्लई रॉयल किंग्स ने चेपॉक सुपर गिलीज को आठ विकेट से हरा दिया। गत चैंपियन ने 14वें मैच में पहले बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना हालांकि, चेपॉक सुपर गिलीज को इस मुकाबले में संघर्ष करते हुए देखा गया।

चेपॉक सुपर गिलीज के लिए कप्तान बाबा अपराजित ने कमाल का प्रदर्शन किया, अपराजित की तूफानी पारी के दम पर चेपॉक ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। इस दौरान कप्तान अपराजित ने 51 गेंदों पर 79 रन की आतिशी पारी खेली।
अरुण कार्तिक ने गेंदबाजों के छुड़ाए पसीने
चेपॉक सुपर गिलीज के 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेल्लई रॉयल किंग्स के कप्तान ने अपने प्रदर्शन से विपक्षी टीम के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा गिए। अब यहां मुकाबला कप्तान बनाम कप्तान हो चुका था। कार्तिक ने 61 गेंदों 10 चौके और 5 छक्के की मदद से नाबाद 104 रन की विस्फोटक पारी खेली।
25 गेंदों में बनाया सीजन का सबसे तेज अर्धशतक
नेल्लई रॉयल किंग्स के लिए कप्तान अरुण कार्तिक ने अपनी पारी की शानदार शुरुआत की। तमिलनाडु के अनुभवी स्टार ने टीम के लिए बाउंड्री लगाना जारी रखा और 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस सीजन का सबसे तेज प्रदर्शन था। यह कार्तिक का टीएनपीएल का 13वां अर्धशतक था।
कार्तिक ने टीएनपीएल में पूरा किया तीसरा शतक
कार्तिक और रितिक ईश्वरन ने स्कोरबोर्ड को रुकने नहीं दिया, और दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। रितिक ईश्वरन 26 (22) बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद अरुण कार्तिक का साथ अजितेश ने दिया, लेकिन कप्तान ने आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व किया और जोरदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने अपने टीएनपीएल करियर का तीसरा शतक भी पूरा कर लिया।
मौजूदा चैंपियन की यह लगातार तीसरी हार है। वे अंक तालिका में चौथे स्थान पर हैं, जबकि नेल्लई रॉयल किंग्स चार जीत और एक हार के साथ तालिका में टॉप पर पहुंच गई है। आज के मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और नेल्लई रॉयल किंग्स के कप्तान अरुण कार्तिक ने कहा कि 'भगवान का शुक्र है कि मैं आज अच्छी बल्लेबाजी कर सका। यह विकेट बल्लेबाजी के लिए ठोस दिखता है। इसके अलावा, मैंने बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ कड़ा अभ्यास किया ताकि उन्हें अधिक स्वीप किया जा सके।'
कौन हैं अरुण कार्तिक
अरुण ने TNPL में पहला शतक 2019 में ठोका था. तब उन्होंने 61 गेंद में 106 रन बनाए थे. 3 साल बाद 2022 में अरुण ने 57 गेंद में 106 रन की पारी खेली थी और अब TNPL 2023 में 37 साल के अरुण ने 61 गेंद में नाबाद 104 रन बना दिए हैं। अरुण कार्तिक एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो वर्तमान में पुडुचेरी के लिए खेलते हैं और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के सदस्य हैं। फिलहाल टीएनपीएल में नेल्लई रॉयल किंग्स के लिए खेल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications