क्या वाकई वसीम अकरम की तरह गेंदबाजी करते हैं अर्शदीप सिंह? विराट कोहली के कोच ने की है तुलना
नई दिल्ली, जुलाई 31। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में युवा गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी गेंदबाजी से क्रिकेट के जानकारों को काफी प्रभावित किया था। अपना दूसरा ही इंटरनेशनल मैच खेल रहे अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे। अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन को लेकर विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने उनकी तारीफ की है। राजकुमार शर्मा ने अर्शदीप सिंह की तुलना पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम से की है।

क्या कहा राजकुमार शर्मा ने?
राजकुमार शर्मा ने कहा है कि अर्शदीप को देखकर उन्हें वसीम अकरम की याद आती है, क्योंकि उनके गेंदबाजी एक्शन और लाइन-लेंथ बिल्कुल वसीम अकरम की तरह है। राजकुमार शर्मा ने कहा है कि जिस तरह वसीम अकरम रन अप के दौरान अपने दाहिने हाथ में गेंद को छिपाते थे ठीक उसी तरह अर्शदीप सिंह भी रन अप के दौरान गेंद को अपने दाहिने हाथ में रखते हैं। राजकुमार शर्मा ने कहा है कि मुझे ऐसा लगता है कि अर्शदीप सिंह ने वसीम अकरम को बहुत बारीकी से फॉलो किया है, क्योंकि वो गेंद को बल्लेबाज से छिपाने के लिए दौड़ते हैं, वसीम अकरम भी ऐसा ही करते थे।

'अकरम की तरह ही सोचने वाले गेंदबाज हैं अर्शदीप'
राजकुमार शर्मा ने आगे कहा है कि अर्शदीप सिंह को देखकर मुझे बिल्कुल वसीम अकरम की याद आती है, अर्शदीप उनकी तरह ही बहुत सोचने वाले गेंदबाज हैं, गेंदबाजी को लेकर वो काफी सोच-विचार करते हैं। राजकुमार शर्मा ने कहा कि अभी अर्शदीप सिंह को बहुत आगे जाना है, अभी वो बहुत छोटे हैं, लेकिन काफी होनहार और बुद्धिमान क्रिकेटर हैं। राजकुमार शर्मा के अलावा रितेंदर सिंह सोढ़ी ने भी अर्शदीप को लेकर कहा है कि इस युवा खिलाड़ी का खेल दिखाता है कि वो नेट्स में कितनी मेहनत करते हैं।

इंटरनेशनल प्लेयर बन गए हैं अर्शदीप सिंह-सोढ़ी
राजकुमार शर्मा के अलावा रितेंदर सिंह सोढ़ी ने भी अर्शदीप को लेकर कहा है कि इस युवा खिलाड़ी का खेल दिखाता है कि वो नेट्स में कितनी मेहनत करते हैं। सोढ़ी ने कहा कि अर्शदीप सिंह को जब मौका मिला तो उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करके दिखाया, जबकि उन्हें अभी तक प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रखा जा रहा था, लेकिन इसके बावजूद भी अर्शदीप सिंह नेट्स में काफी मेहनत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब अर्शदीप सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications