जेंडर चेंज करा लड़की बनी अनाया बांगड़ के खेलने का रास्ता साफ, महिला क्रिकेट में खेलने की मिली मंजूरी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर के लिए क्रिकेट के मैदान पर वापसी का रास्ता खुल गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट के शीर्ष स्तर पर खेलने की दिशा में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी है। अनाया के लिए यह सिर्फ क्रिकेट में वापसी नहीं, बल्कि उस खेल से दोबारा जुड़ने का मौका है, जिसे खेलने का सपना वह देखती रही हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ट्रांसजेंडर और जेंडर-डाइवर्स खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्तर पर भागीदारी के नियम रखता है। कम्युनिटी क्रिकेट और एलीट क्रिकेट के लिए पात्रता एक जैसी नहीं है। महिला बिग बैश लीग यानी WBBL एलीट क्रिकेट के दायरे में आती है, इसलिए वहां खेलने के लिए संबंधित पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।

अनाया के मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिली मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि उन्हें सीधे WBBL टीम में जगह मिल गई है। यह उनके लिए आगे बढ़ने का रास्ता खोलता है, जबकि लीग में खेलने के लिए उन्हें अपनी फिटनेस और प्रदर्शन के दम पर फ्रेंचाइजी में जगह बनानी पड़ेगी।
मार्च 2027 से खुलेगा एलीट क्रिकेट का रास्ता
रिपोर्ट्स के अनुसार अनाया ने बताया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में एलीट महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने की अनुमति दी है। उनके लिए अगला बड़ा लक्ष्य खुद को शारीरिक और प्रतिस्पर्धात्मक रूप से उस स्तर तक तैयार करना है, जहां कोई WBBL फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम के लिए उपयोगी खिलाड़ी के तौर पर देख सके।
मौजूदा जानकारी के मुताबिक मार्च 2027 से एलीट क्रिकेट के लिए उनकी पात्रता प्रभावी होगी। इसके लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की निर्धारित शर्तों को पूरा करना जरूरी है।
WBBL में पहुंचना आसान नहीं होगा
अनाया के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब WBBL में जगह बनाना है। ऑस्ट्रेलिया की इस महिला टी20 लीग में विदेशी खिलाड़ियों के लिए ड्राफ्ट सिस्टम मौजूद है। उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में से फ्रेंचाइजी अपनी जरूरत के अनुसार चयन करती हैं। इसके अलावा टीमें ड्राफ्ट से पहले एक विदेशी खिलाड़ी को सीधे साइन भी कर सकती हैं।
अनाया ने जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया के लिए सर्जरी कराई थी। 2025 में उन्होंने ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन और ट्रेकियल शेव जैसी प्रक्रियाएं कराईं, जबकि इससे पहले वह हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी भी शुरू कर चुकी थीं। इसके बाद मार्च 2026 में उन्होंने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई।


Click it and Unblock the Notifications
