विकेट तो झटके, पर काम नहीं आए, बुमराह बोले- मैं आंकड़ों पर नजर नहीं रखता

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 56वें लीग मुकाबले में मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, मैन ऑफ द मैच अवार्ड मुंबई के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ही हासिल हुआ, जिन्होंने 4 ओवर में महज 10 रन देकर 5 विकेट लिए। यह बुमराह का आईपीएल में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा, लेकिन टीम को जीत दिलाने के लिए अहम साबित नहीं हुआ। कोलकाता के गेंदबाजों ने भी सनसनीखेज प्रदर्शन कर मुंबई का बल्लेबाजी क्रम धाराशाही कर दिया। वहीं मैच समाप्ति के बाद बुमराह ने कहा कि वह आंकड़ों पर नजर नहीं रखते, बल्कि टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की सोचते हैं।
बुमराह को पावरप्ले में लाया गया, लेकिन उन्होंने अपने पहले ओवर में एक भी विकेट नहीं लिया। हालांकि, रोहित शर्मा ने 15वें ओवर में बुमराह को फिर वापस बुलाया, जहां उन्होंने नीतीश राणा और आंद्रे रसेल को आउट किया। अपने तीसरे ओवर में, जो केकेआर की पारी का 18 वां ओवर भी था, बुमराह ने बिना एक रन दिए पैट कमिंस और सुनील नरेन को डक आउट कर 3 विकेट लिए। पहली ही गेंद पर उन्होंने जैक्सन को आउट किया था।
यह भी पढ़ें- बुमराह ने KKR को हिला डाला, पत्नी संजना गणेशन ने कहा- मेरा पति फायर है
Recommended Video
हालांकि, बुमराह के प्रयास व्यर्थ गए क्योंकि कोलकाता ने मुंबई को 113 रन पर आउट कर दिया। स्टार पेसर ने अपने गेंदबाजी फॉर्म के बारे में चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि वह अपना काम कर रहे थे और 5 विकेट लेने से पहले अपने प्रदर्शन से खुश थे। बुमराह ने कहा, "मैं आंकड़ों या लक्ष्यों पर नजर नहीं रखता, मेरा टारगेट अपने काम के साथ बने रहना है। कभी-कभी आप अच्छी गेंदबाजी करते हैं लेकिन विकेट हासिल नहीं कर पाते हैं। मैं श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अच्छी गेंदबाजी कर रहा था, लेकिन विकेट नहीं मिल रहा था। मैं जो भी कर सकता हूं उसमें योगदान देना चाहता हूं।"

मुंबई आईपीएल 2022 की अपनी 9वीं हार से गुजरा। अब उसे पास 3 और मैच हैं। बुमराह ने कहा कि मुंबई बचे हुए मैचों में सही रिजल्ट प्राप्त करने और अगले साल मजबूत वापसी करने की कोशिश करेगा। उन्होंने कहा, "योगदान करना हमेशा अच्छा लगता है लेकिन टीम के लिए जीत महत्वपूर्ण है। हमारे पास ऐसा करने का मौका था, लेकिन हम इसे पूरा नहीं कर सके। यह हमारी गलतियों को सुधारने और अगले सीजन में बेहतर प्रदर्शन करने के बारे में है।" मुंबई का अगला मुकाबला गुरुवार 12 मई को चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।












Click it and Unblock the Notifications