चोट, पिता का निधन, MI ने मुंह मोड़ा... IPL से चमका सितारा; पांड्या ने वीडियो में बयां किया दर्द भरा सफर
मैनचेस्टर में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
मैनचेस्टर, जुलाई 18। मैनचेस्टर में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की। सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 115 गेंदों पर 133 रन की साझेदारी हुई। ऋषभ पंत को प्लेयर ऑफ द मैच जबकि हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। पूरी सीरीज में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले हार्दिक पांड्या की सभी जगह सराहना हो रही है। हालांकि बीते कुछ साल हार्दिक पांड्या के लिए अच्छे नहीं गुजरे। टी20 विश्वकप 2021 और आईपीएल 2021 में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की।

दुखों का पहाड़ टूटा
लगातार इंजरी से गुजर रहे हार्दिक पांड्या को एक और सदमा तब लगा जब उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को रिलीज कर दिया। लेकिन इन विपरीत परिस्थितियों के बाद भी हार्दिक ने हार नहीं मानी। नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी। उन्होंने इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए डेब्यू सीजन में ही आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब हार्दिक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियों में उन्होंने अपने सफर को दिखाया है।

वीडियो में बताया सफर
1 मिनट 25 सेकंड की इस वीडियो की शुरुआत मोंटाज से होती है, जिसमें हार्दिक के बचपन और माता-पिता के साथ तस्वीर दिखायी गयी हैं। इसमें वह कहते हैं, "लंबे समय के ब्रेक से मैं फिर से तरोताजा महसूस कर रहा हूं और टीम इंडिया में फिर वापसी करके बहुत ही अच्छा लग रहा है और मैं रोमांचित हूं।" इसके बाद दिखाया गया है कि कैसे पांड्या दोस्त के सहारे लंगड़ाते हुए चल रहे हैं। वीडियो में वह व्हीलचेयर पर बैठकर इसे धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। हार्दिक इस दौरान काफी चोट से गुजर रहे थे। इसके बाद पांड्या ने फिट होने के लिए जमकर मेहनत की। अब हार्दिक शानदार लय में है, वह गेंद और बल्ले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
Through the ups and downs, with my people by my side. Woke up every morning raring to go, with the will to become stronger, with the will to become fitter and play for my country. Always grateful to those who stood by me, who encouraged me, who guided me 🙏❤️ pic.twitter.com/4gi32ijq1k
— hardik pandya (@hardikpandya7) July 18, 2022

इंग्लैंड दौरे पर प्रदर्शन
इंग्लैंड दौरे पर हार्दिक पांड्या ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टी20 सीरीज की पारियों में 63 रन और 5 विकेट अपने नाम किए। वहीं वनडे सीरीज में उन्होंने 100 रन बनाए साथ ही 6 विकेट भी झटके। पहले टी20 में हार्दिक ने 33 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे। दूसरे टी20 में हार्दिक ने 12 रन बनाए और 1 विकेट लिया। आखिरी टी20 में पांड्या को आराम दिया गया था। दूसरे वनडे में हार्दिक ने 29 रन बनाए और 2 विकेट झटके। वहीं तीसरे वनडे में पांड्या ने 55 गेंदों पर 71 रन की पारी खेली और 4 विकेट भी लिए।












Click it and Unblock the Notifications