Gunmaster G9 BO Collection Day 1: इमरान हाशमी की 'गनमास्टर जी9' की धीमी शुरुआत, पहले दिन कमाए इतने करोड़
Gunmaster G9 Box Office Collection Day 1: इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा की फिल्म 'गनमास्टर जी9' ने गत 27 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान खुराना की 'ये प्रेम मोल लियो' के साथ-साथ रणबीर कपूर की 'रामायण' से भी मुकाबला करना पड़ा। कई फिल्मों के बीच रिलीज होने के बावजूद 'गनमास्टर जी9' को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि तारीफ मिलने के बाद भी फिल्म की कमाई पहले दिन उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ सकी। आइए जानते हैं कि फिल्म ने ओपनिंग डे पर कितने करोड़ रुपये कमाए।
'गनमास्टर जी9' को लेकर दर्शकों के बीच दिखा उत्सुकता
इमरान हाशमी ने 'आवारापन 2' की सफलता के बाद 'गनमास्टर जी9' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी की है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले दर्शकों के बीच उत्सुकता थी। फिल्म में इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा की जोड़ी के साथ एक्शन और रोमांच का भी भरपूर तड़का लगाया गया है।

'गनमास्टर जी9' का पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
-हालांकि सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं। कहानी और फिल्म के कुछ पहलुओं को लेकर दर्शकों की राय अलग-अलग रही लेकिन इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसजा की एक्टिंग को काफी सराहना मिली। इसके बावजूद फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा धमाका करने में नाकाम रही।
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'गनमास्टर जी9' ने रिलीज के पहले दिन यानी गत 27 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को करीब 3.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं फिल्म की पहले दिन की ग्रॉस कमाई लगभग 4.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस तरह फिल्म ओपनिंग डे पर 5 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई।
कोविड के बाद इमरान हाशमी की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म
भले ही 'गनमास्टर जी9' बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करने से चूक गई हो लेकिन इमरान हाशमी के लिए यह ओपनिंग एक अहम रिकॉर्ड लेकर आई है। फिल्म कोविड के बाद रिलीज हुई उनकी दूसरी सबसे ज्यादा ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। इसने 'मुंबई सागा' के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
कोविड के बाद इमरान हाशमी की फिल्मों के पहले दिन का कलेक्शन इस प्रकार रहा है-
-आवारापन 2- 23.4 करोड़ रुपये
-गनमास्टर जी9- 3.65 करोड़ रुपये
-मुंबई सागा- 2.82 करोड़ रुपये
-सेल्फी- 2.55 करोड़ रुपये
-हक- 1.75 करोड़ रुपये
-ग्राउंड जीरो- 1.20 करोड़ रुपये
-चेहरे- 50 लाख रुपये
-इस लिस्ट में 'आवारापन 2' सबसे ऊपर है जबकि 'गनमास्टर जी9' ने दूसरे स्थान पर अपनी जगह बना ली है। फिल्म की आने वाले दिनों की कमाई अब काफी हद तक वीकेंड के प्रदर्शन और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगी।
इमरान हाशमी, जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना की दमदार एक्टिंग
-'गनमास्टर G9' में इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा के अलावा अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। इसे दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर ने प्रोड्यूस किया है।
-फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी हिमेश रेशमिया ने संभाली है। इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया की ये तिकड़ी इससे पहले 'आशिक बनाया आपने' जैसी फिल्म में साथ काम कर चुकी है, जिसके गाने आज भी संगीत प्रेमियों के बीच फेमस हैं। यही वजह थी कि 'गनमास्टर जी9' के म्यूजिक को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें काफी थीं।
-अब देखना दिलचस्प होगा कि शुरुआती धीमी कमाई के बाद शनिवार और रविवार को फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी तेजी पकड़ पाती है और क्या वीकेंड के दौरान इसके कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिलता है।


Click it and Unblock the Notifications
