Diljit Dosanjh के मुंबई कॉन्सर्ट में ड्रग्स की जांच, 40 लोगों का टेस्ट हुआ, 2 मिले पॉजिटिव

Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में हजारों फैंस जुटे लेकिन इस बार मुंबई पुलिस की नजर सिर्फ भीड़ और सुरक्षा पर ही नहीं बल्कि नशीले पदार्थों के इस्तेमाल पर भी रही। महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित म्यूजिक इवेंट के दौरान पुलिस ने अपनी नई एंटी-ड्रग फोरेंसिक वैन तैनात की। इस गाड़ी की मदद से करीब 40 लोगों की जांच की गई, जिनमें 2 लोगों के नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है। ये कार्रवाई ऐसे समय में हुई, जब कॉन्सर्ट स्थल और मुंबई के कुछ मेट्रो स्टेशनों को निशाना बनाने की धमकी भी मिली थी।

कॉन्सर्ट में 40 लोगों की जांच, दो मिले पॉजिटिव
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान लगभग 40 युवाओं की जांच की थी। इनमें दो लोग टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए। इनमें एक विदेशी नागरिक, जो केन्या का रहने वाला है जबकि दूसरा भारतीय बताया जा रहा है। पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने किस तरह के नशीले पदार्थों का सेवन किया था और उन्हें ये ड्रग्स कहां से मिले।

Diljit Dosanjh

क्या है मुंबई पुलिस की नई एंटी-ड्रग फॉरेंसिक वैन?

-एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने बड़े आयोजनों में ड्रग्स के इस्तेमाल और उनकी सप्लाई पर नजर रखने के लिए इस विशेष वाहन को मौके पर तैनात किया था। पुलिस का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों में नशीले पदार्थों की खपत, बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाना है।

-मुंबई पुलिस की 'एंटी-नारकोटिक्स इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक वैन' को आधुनिक जांच सुविधाओं से लैस किया गया है। इस वाहन का उद्घाटन 21 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था।

-इस मोबाइल यूनिट की खासियत यह है कि पुलिस संदिग्ध पदार्थों की शुरुआती जांच मौके पर ही कर सकती है। इसके अलावा सैंपल जुटाने, घटनास्थल की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग करने और सबूतों को सुरक्षित रखने जैसी सुविधाएं भी इसमें मौजूद हैं। इस तरह पुलिस को जांच के लिए हर बार अलग-अलग संसाधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी।

'एडेन' म्यूजिक इवेंट में पहली बार हुआ इस्तेमाल

-इस फोरेंसिक वैन को लॉन्च किए जाने के अगले दिन, 22 नवंबर 2026 को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित 'एडेन' (AEDEN) लाइव म्यूजिक इवेंट में पहली बार तैनात किया गया था। पुलिस ने इस दौरान तकनीकी उपकरणों की मदद से लोगों की जांच की और नशीले पदार्थों से संबंधित संदिग्ध मामलों में 12 लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की।

-भीड़भाड़ वाले म्यूजिक इवेंट और बड़े सार्वजनिक आयोजनों में ड्रग्स की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस तरह की मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट पुलिस के लिए जरूरी साबित हो सकती है।

धमकी भरे ईमेल के बाद मुंबई में हाई अलर्ट

-दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले मुंबई पुलिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें मेयर कार्यालय, मेट्रो स्टेशनों और कॉन्सर्ट स्थल पर विस्फोट करने, ग्रेनेड हमले और IED लगाने की धमकी दी गई थी। ये ईमेल 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की बरसी के आसपास सामने आया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

-ईमेल भेजने वाली महिला ने कथित तौर पर अपना नाम हन्ना मेलर बताया था। उसने मैसेज में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए दिलजीत दोसांझ और उनसे जुड़े लोगों के कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी दी थी। इसके बाद कॉन्सर्ट स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा मजबूत कर दी गई।

500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

-कॉन्सर्ट को सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए मुंबई पुलिस ने महालक्ष्मी रेसकोर्स में भारी सुरक्षा बल तैनात किया था। कार्यक्रम से पहले बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ने पूरे परिसर की तलाशी ली। प्रवेश व्यवस्था को भी बढ़ाया गया और तीन गेटों के बजाय 5 गेटों पर जांच की व्यवस्था की गई।

-सुरक्षा इंतजामों में करीब 200 पुरुष कांस्टेबल, 150 महिला कांस्टेबल और 75 पुलिस अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा सिंगर की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। डॉग स्क्वॉड और एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीमों ने भी कार्यक्रम के दौरान निगरानी रखी।

-रेसकोर्स के आसपास लगभग 500 से 700 मीटर के क्षेत्र को नो-कार जोन घोषित कर पार्किंग पर प्रतिबंध लगाया गया था। आयोजकों को दिलजीत के होटल और उनके आने-जाने के समय की जानकारी सार्वजनिक न करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, कार्यक्रम स्थल पर पोस्टर, बैनर, साइन और झंडे ले जाने की अनुमति भी नहीं थी।

'ऑरा इंडिया टूर 2026' का हिस्सा था मुंबई कॉन्सर्ट

महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित ये कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर 2026' का हिस्सा था। धमकी के बावजूद कार्यक्रम को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित किया गया। हालांकि कॉन्सर्ट के दौरान एंटी-ड्रग जांच में 2 लोगों के पॉजिटिव मिलने की खबर ने बड़े म्यूजिक इवेंट्स में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+