Ye Prem Mol Liya BO Collection Day 1: 'ये प्रेम मोल लिया' पहले दिन कैसी रही? जानें ओपनिंग डे की कमाई
Ye Prem Mol Liya Box Office Collection Day 1: सूरज बड़जात्या लंबे समय बाद फैमिली एंटरटेनमेंट के साथ बड़े पर्दे पर लौटे हैं। उनकी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर दर्शकों के बीच रिलीज से पहले काफी चर्चा थी। 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आई इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की 'गनमास्टर जी9' से भिड़ंत हुई। इस मुकाबले के बीच आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फिल्म ने ठीक-ठाक शुरुआत की है। पहले दिन की कमाई के साथ ही फिल्म ने सूरज बड़जात्या, आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के करियर में कुछ अहम उपलब्धियां हासिल की हैं।
'ये प्रेम मोल लिया' का पहले दिन का कलेक्शन
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार 'ये प्रेम मोल लिया' ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म को पहले दिन देशभर में 7,251 शो मिले थे। इसकी घरेलू ग्रॉस कमाई 4.70 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।

वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 8.45 करोड़ रुपये
विदेशों में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ओवरसीज मार्केट से इसे 3.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन मिला है। इस तरह भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का पहले दिन का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 8.45 करोड़ रुपये हो गया है।
सूरज बड़जात्या की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बनी
4 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ 'ये प्रेम मोल लिया' सूरज बड़जात्या के निर्देशन करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म ने उनकी पिछली रिलीज 'ऊंचाई' को पीछे छोड़ दिया है, जिसने सिनेमाघरों में पहले दिन 2.19 करोड़ रुपये कमाए थे। सूरज बड़जात्या की फिल्मों की पहचान हमेशा पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं, परंपराओं और मनोरंजन के मेल से रही है। ऐसे में उनकी इस नई फिल्म की शुरुआती कमाई को उनके करियर के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
शरवरी वाघ के करियर की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग
शरवरी वाघ के लिए भी 'ये प्रेम मोल लिया' की शुरुआत काफी मायने रखती है। फिल्म उनके करियर की पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि ये फिल्म शरवरी वाघ की 'मुंज्या' की ओपनिंग से महज 21 लाख रुपये पीछे है। ऐसे में उनकी पिछली फिल्मों के शुरुआती प्रदर्शन के लिहाज से 'ये प्रेम मोल लिया' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी जगह बनाई है।
आयुष्मान खुराना की टॉप-10 ओपनिंग फिल्मों में शामिल
आयुष्मान खुराना के लिए भी ये फिल्म एक खास रिकॉर्ड लेकर आई है। 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ 'ये प्रेम मोल लिया' उनके करियर की पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की टॉप-10 लिस्ट में शामिल हो गई है। फिल्म ने इस सूची में दसवें स्थान पर जगह बनाई है। अब फिल्म की असली परीक्षा वीकेंड पर होगी। फैमिली ऑडियंस के बीच इसकी पकड़ कितनी मजबूत होती है और आने वाले दिनों में कमाई में कितना उछाल आता है, ये देखना दिलचस्प होगा।


Click it and Unblock the Notifications
