'गाय, बकरी या बीबी', अफगानिस्तान में महिलाओं को कहा जाएगा ये, असली नाम पर भी रोक, तालिबान का नया फरमान
अफगानिस्तान में तालिबान की पाबंदियां अब महिलाओं के नाम और पहचान तक पहुंचती दिख रही हैं। उत्तरी बल्ख प्रांत से आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकारी और मेडिकल दस्तावेजों में महिलाओं के असली नाम लिखने पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में महिला मरीजों को उनके नाम से बुलाने के बजाय 'बीबी' कहने को कहा गया है।
कुछ महिलाओं को 'गाय' और 'बकरी' जैसे अपमानजनक शब्दों से पुकारे जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। अगर ये रिपोर्ट्स सही हैं, तो यह सिर्फ नाम बदलने का मामला नहीं बल्कि महिलाओं की अलग पहचान मिटाने की कोशिश का गंभीर संकेत है।

महिलाओं के नाम की जगह 'बीबी' लिखने का फरमान क्यों?
अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और सरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों को महिलाओं के असली नाम इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई है। नवंबर में सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह निर्देश तालिबान के नैतिकता एवं सदाचार मंत्रालय के अधिकारियों की ओर से दिया गया था। इसे मेडिकल पर्चियों पर भी लागू करने की बात कही गई है।
'बीबी' अफगानिस्तान में महिलाओं के लिए इस्तेमाल होने वाला संबोधन है। इसका मतलब दादी या बुजुर्ग महिला होता है। लेकिन इस निर्देश से एक ही सवाल उठता है कि अगर हर महिला को एक ही नाम से पुकारा जाएगा, तो उसकी अलग पहचान कैसे बनी रहेगी?
जर्मनी में रहने वाली अफगान महिला अधिकार कार्यकर्ता लाला उस्मानी ने स्पेनिश अखबार एल पाइस को बताया कि महिलाओं, डॉक्टरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से मिली जानकारियों में 'गाय' और 'बकरी' जैसे अपमानजनक संबोधनों के इस्तेमाल की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने इसे महिलाओं की पहचान मिटाने की कोशिश बताया। हालांकि, काबुल की एक अन्य कार्यकर्ता ने इस निर्देश की पुष्टि करते हुए कहा कि कुछ जगहों पर अब तक इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
क्या यह पाबंदी पूरे अफगानिस्तान में लागू हो सकती है?
महिला अधिकार संगठन फेमेना के अफगानिस्तान कार्यक्रम की प्रमुख जुबैदा अकबर को डर है कि बल्ख में शुरू हुई यह पाबंदी दूसरे प्रांतों तक भी पहुंच सकती है। उनका कहना है कि तालिबान पहले भी कई बार किसी एक इलाके में नियम लागू करके बाद में उसे पूरे देश में फैला चुका है। एल पाइस की रिपोर्ट के मुताबिक, फेमेना महिलाओं के अधिकारों को सीमित करने वाले 144 से ज्यादा फरमानों का रिकॉर्ड रख चुका है।
इलाज पर भी पाबंदी, डॉक्टर बनना भी मुश्किल
महिलाओं के नाम के साथ-साथ उनके इलाज पर भी बंदिशें बढ़ रही हैं। द गार्जियन और अफगान मीडिया संस्थान जान टाइम्स की संयुक्त पड़ताल के मुताबिक, कई प्रांतों में पुरुष डॉक्टरों को महिला मरीजों की जांच करने से रोका जा रहा है। कुछ मामलों में इलाज के लिए महिला के साथ महरम यानी पुरुष अभिभावक की मौजूदगी जरूरी बताई गई है। दिसंबर 2024 से महिलाओं के मेडिकल संस्थानों में पढ़ने पर भी रोक है।
यूनिसेफ ने दिसंबर 2024 में चेताया था कि महिलाओं को मेडिकल शिक्षा से बाहर करने पर हजारों छात्राओं की पढ़ाई रुक सकती है और महिलाओं-बच्चों के इलाज पर असर पड़ सकता है। अब महिला डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार होने का रास्ता भी बंद हो रहा है। ऐसे में सवाल है कि जब महिला डॉक्टर कम होंगी और पुरुष डॉक्टरों के इलाज पर भी पाबंदी होगी, तो बीमार महिलाओं को इलाज कैसे मिलेगा?
पहचान पत्र बनवाने में भी महिलाओं को मुश्किल
संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी यूएनएचसीआर की 2024 की रिपोर्ट में भी बताया गया था कि अफगानिस्तान में महिलाओं को नागरिक दस्तावेज बनवाने के लिए महरम यानी पुरुष साथी की जरूरत पड़ती है। इससे अकेले परिवार संभालने वाली महिलाओं के लिए दस्तावेज हासिल करना और मुश्किल हो जाता है। अब मेडिकल रिकॉर्ड से नाम हटाने की खबर ने चिंता और बढ़ा दी है। सवाल सिर्फ नाम का नहीं, बल्कि महिलाओं की पहचान, सम्मान और इलाज के अधिकार का है।


Click it and Unblock the Notifications
