'उन्होंने मुझे टीम छोड़ने पर किया मजबूर', चहल के बाद अब उथप्पा ने मुंबई इंडियंस को लेकर किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का खेल जारी है, जिसमें 15 मैचों का आयोजन हो चुका है। इस दौरान कई भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार शुरुआत की है, जिनका पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था, वहीं पर कुछ खिलाड़ियों ने पिछले सीजन की लय को बरकरार रखा है। रोमांच से भरपूर इस टूर्नामेंट के बीच भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मुंबई इंडियंस को लेकर बड़ा खुलासा किया और बताया कि साल 2013 में जब वो मुंबई इंडियंस की टीम से खेला करते थे तो मैच के बाद खिलाड़ियों के लिये हो रही एक पार्टी के दौरान एक प्लेयर ने शराब के नशे में उन्हें 15वीं मंजिल से नीचे लटका दिया था।

हालांकि युजवेंद्र चहल ने अपने इस खुलासे के दौरान प्लेयर का नाम बताने से इंकार कर दिया है और बताया है कि उस खिलाड़ी ने इसको लेकर माफी मांग ली थी और बात खत्म हो गई थी। इस बीच फैन्स सोशल मीडिया पर उस खिलाड़ी का नाम बताने और मुंबई इंडियंस के मैनेजमेंट पर बात को छुपाने को लेकर कार्रवाई करने की मांग करने में जुट गये हैं।
और पढ़ें: PBKS vs GT: हार्दिक पांड्या ने टॉस जीत 2 खिलाड़ियों को कराया डेब्यू, पंजाब ने भी किया बदलाव

मुंबई के मैनेजमेंट पर लगाया बड़ा आरोप
चहल की ओर से किये गये इस खुलासे के बाद मुंबई इंडियंस के टीम मैनेजमेंट और फ्रैंचाइजी को लेकर सवाल उठना लाजमी है, लेकिन अभी यह सवाल शांत भी नहीं हुए थे कि चेन्नई सुपर किंग्स के इन फॉर्म खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा ने मुंबई के मैनेजमेंट को लेकर बड़ा खुलासा किया है और कहा कि मुझे ट्रांसफर करने के लिये मजबूर किया गया था। उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले रॉबिन उथप्पा अब तक 6 टीमों के साथ खेल चुके हैं लेकिन उन्होंने आईपीएल करियर का आगाज मुंबई इंडियंस के साथ किया था, जिसके बाद उन्हें अगले सीजन के लिये रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम में शिफ्ट कर दिया गया था।
लीग टूर्नामेंट में ट्रांसफर उस प्रक्रिया का नाम है जिसके तहत फ्रैंचाइजियां खिलाड़ियों को एक दूसरे के साथ बदल सकती है। हालांकि भारतीय क्रिकेट में ट्रांसफर उतना आम नहीं है क्योंकि भारतीय मूल के खिलाड़ी अपनी टीम या क्लब के साथ ईमानदारी रखने में यकीन करते हैं।

उथप्पा ने किया 14 साल पुरानी घटना का खुलासा
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किये गये एक वीडियो में उथप्पा 2009 में हुई इस घटना का खुलासा करते नजर आ रहे हैं और बताते हैं कि मुंबई इंडियंस की टीम में से किसी ने उन्हें ट्रांसफर करने के लिये जबरदस्त कागजों पर साइन लिये थे, हालांकि वो उसके नाम का खुलासा नहीं करना चाहते हैं।
उथप्पा ने कहा,'मैं जहीर खान और मनीष पांडे के साथ था और आईपीएल में ट्रॉन्सफर होने वाले पहले कुछ खिलाड़ियों में से एक था। मेरे लिये यह काफी मुश्किल था क्योंकि उस वक्त मेरी सारी ईमानदारी मुंबई इंडियंस की टीम के लिये थी। यह आईपीएल का दूसरा सीजन शुरू होने से बस एक महीने पहले हुआ और मैंने शुरुआत में कागजों पर साइन करने से इंकार कर दिया था।'

जबरदस्ती मुंबई से किया गया ट्रांसफर
उथप्पा ने आगे बताया कि मैं उस वक्त अपने निजी जीवन में कुछ मुश्किल दौर से गुजर रहा था और आरसीबी के लिये अपने पहले सीजन के दौरान पूरी तरह से डिप्रेशन में था। मैं उस सीजन एक भी मैच में अच्छा नहीं खेला था। एक मैच जिसमें मैने अच्छा किया था वो तब आया था जिसमें मुझे ड्रॉप कर के दोबारा शामिल किया गया था। मैं उस में यह सोचकर खेला था कि मुझे कुछ कर के दिखाना है। मुझे आईपीएल शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस के एक अधिकारी ने ट्रांसफर पेपर पर साइन करने के लिये कहा था और कहा कि अगर मैंने पेपर साइन नहीं किये तो पूरे सीजन मुझे प्लेइंग 11 में जगह नहीं दी जायेगी।

2014 में आया था उथप्पा का बेस्ट सीजन
गौरतलब है कि रॉबिन उथप्पा ने आईपीएल के पहले सीजन में मुंबई इंडियंस के लिये सभी 14 मैचों में शिरकत की थी और 320 रन बनाये थे, इसके बावजूद मुंबई ने उन्हें आरसीबी की टीम में ट्रांसफर कर दिया जहां पर खेलते उन्होंने अपने पहले सीजन की 13 पारियों में सिर्फ 175 रन बनाये थे। रॉबिन उथप्पा के आईपीएल करियर का सबसे बेहतरीन सीजन 2014 में आया था जब केकेआर की ओर से खेलते हुए उन्होंने 660 रन बनाये और टीम को खिताब जिताने के साथ ही ऑरेन्ज कैप भी अपने नाम की थी। उथप्पा ने आईपीएल में खेले गये अब तक के 84 मैचों में 30.5 की औसत और 16 अर्धशतक की मदद से 1790 रन बनाये हैं।












Click it and Unblock the Notifications