PBKS vs GT: हार्दिक पांड्या ने टॉस जीत 2 खिलाड़ियों को कराया डेब्यू, पंजाब ने भी किया बदलाव
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 16वां मैच मुंबई के ब्रॉबोर्न स्टेडियम मैदान पर गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की टीम के बीच खेला जा रहा है, जहां पर दोनों टीमें अपनी जीत की लय को बरकरार रखने उतरेंगी। जहां पंजाब किंग्स की टीम ने खेले गये 3 मैचों में से 2 जीत हासिल की है तो वहीं पर गुजरात टाइटंस की टीम ने इस सीजन खेले गये दोनों मैचों में जीत हासिल की है और पंजाब के खिलाफ जीत कै हैट्रिक लगाने की ओर देख रही है।

पंजाब किंग्स की टीम ने पिछले मैच में लियाम लिविंगस्टोन के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स को मात देने का काम किया था तो वहीं पर गुजरात टाइटंस ने भी पिछले दोनों मैचों में अपनी गेंदबाजी के दम पर जीत हासिल की थी। दोनों टीमें इस सीजन पहली बार एक दूसरे का सामना करेंगी और दोनों की कमान ऐसे खिलाड़ियों के हाथ में है जो पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। ऐसे में इस मैच में कप्तानी की प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिलेगी।
और पढ़ें: DC vs LSG: दिल्ली की हार के बावजूद खुश हैं पृथ्वी शॉ, आतिशी पारी नहीं ये है कारण

गुजरात ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला
ब्राबोर्न स्टेडियम में खेले गये इस मैच में गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। अपने फैसले पर बात करते हुए हार्दिक ने कहा कि हमने पिछले 2 मैचों में दोनों काम करते हुए जीत हासिल की है और हम इस मैच में ओस को देखते हुए बाद में रनों का पीछा करना चाहते हैं। इसके साथ ही पिच पर घास भी मौजूद है और हम चाहते हैं कि हमारे गेंदबाज इसका फायदा उठा सकें और बाद में रनों का पीछा करते हुए अच्छी बल्लेबाजी भी देखने को मिलेगी।

2 खिलाड़ियों को मिला डेब्यू का मौका
गुजरात टाइटंस ने अपनी टीम में इस मैच के लिये दो बदलाव किये हैं और वरुण एरॉन की जगह दर्शन नलकंडे और विजय शंकर की जगह एस साई सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया है। गुजरात की टीम ने दोनों बदलाव चोट की मजबूरी के चलते किया है। वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम के लिये मयंक अग्रवाल ने भी टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने की इच्छा जताई थी। पंजाब किंग्स की टीम ने इस मैच में एक बदलाव करने का फैसला किया है और भानुका राजपक्षे की जगह जॉनी बेयरस्टो को मौका दिया है।

जानें कैसी है प्लेइंग 11
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: मयंक अग्रवाल, शिखर धवन, जॉनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, शाहरुख खान, ओडियन स्मिथ, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर, वैभव अरोड़ा, अर्शदीप सिंह।
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: मैथ्यू वेड, शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हार्दिक पांड्या, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, राशिद खान, लॉकी फर्ग्यूसन, दर्शन नलकंडे, मोहम्मद शमी।












Click it and Unblock the Notifications