अभिषेक शर्मा ने बताया कैसे वेस्टइंडीज की रणनीति को किया फेल, इशान किशन के साथ साझेदारी का भी खोला राज

भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 30 गेंदों पर 69 रन की पारी खेली, जिससे भारत ने 223 रन का बड़ा स्कोर बनाया और मुकाबला 14 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। मैच के बाद अभिषेक ने बताया कि वेस्टइंडीज की खास रणनीति के बावजूद उन्होंने किस तरह रन बनाने के रास्ते तलाशे।

अभिषेक ने कहा कि वेस्टइंडीज ने उनके खिलाफ ऑफ स्पिनर रोस्टन चेज को पारी की शुरुआत में गेंदबाजी के लिए उतारा और ऑफ साइड में ज्यादा फील्डर लगाए। इससे उनके लिए अपने पसंदीदा शॉट खेलना आसान नहीं था। उन्होंने स्थिति को समझते हुए अपने खेल में बदलाव किया।

abhishek sharma

अभिषेक ने किया प्लान का खुलासा

अभिषेक ने कहा कि मैं यह नहीं कहूंगा कि मैंने जानबूझकर ऐसा सोचा था, लेकिन मेरे दिमाग में यह बात थी कि उन्होंने मेरे खिलाफ योजना बनाई है। जब ऑफ स्पिनर मेरे सामने गेंदबाजी कर रहा था, तो यह मेरे और उसके बीच की लड़ाई थी। मैंने पहले ओवर में उसे सम्मान दिया, क्योंकि वह इस सीरीज में काफी अच्छी गेंदबाजी कर रहा है।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने बताया कि उनके शॉट किसी खास दिशा को निशाना बनाकर नहीं खेले गए, बल्कि फील्ड की स्थिति को देखकर उन्होंने रन बनाने के विकल्प चुने। पावरप्ले में तेजी से रन बनाने के लिए उन्हें वेस्टइंडीज की रणनीति का तोड़ निकालना पड़ा।

वेस्टइंडीज को वापसी का मौका नहीं देना चाहते थे भारतीय खिलाड़ी

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए। अभिषेक और इशान किशन के बीच 108 रन की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 209 रन ही बना सकी। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए, जबकि नमन धीर ने दो विकेट हासिल किए।

भारतीय टीम को पता था कि वेस्टइंडीज किसी भी समय मैच का रुख बदल सकती है। अभिषेक ने कहा कि वेस्टइंडीज ऐसी टीम है, जिसके बारे में आप कभी नहीं कह सकते कि अब मैच पूरी तरह हमारे पक्ष में आ गया है। हम कह रहे थे कि इसके बाद हमें पूरी सख्ती से खेलना है और उन्हें वापसी करने का एक भी मौका नहीं देना है।

अभिषेक ने शमर स्प्रिंगर की आखिरी ओवरों में की गई आक्रामक बल्लेबाजी का भी जिक्र किया। उन्होंने माना कि शुरुआती विकेट गंवाने के बाद भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज मुकाबले में वापसी करने की क्षमता रखते हैं।

नमन धीर की गेंदबाजी पर क्या बोले अभिषेक?

अभिषेक ने नमन धीर की भी तारीफ की, जिन्होंने इस मैच में 39 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने कहा कि वह नमन को अंडर-14 के दिनों से गेंदबाजी करते हुए देख रहे हैं और उन्हें भरोसा है कि वह आने वाले वर्षों में भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। आपको बस उसे (गेंदबाज को) योजना बतानी होती है। जब किसी गेंदबाज को लगातार दो छक्के पड़ते हैं, तो उस समय शायद वह ज्यादा नहीं सोचता।

इशान किशन के साथ साझेदारी का भी बताया राज

अभिषेक ने इशान किशन के साथ अपनी अच्छी समझ के बारे में भी बात की। दोनों आईपीएल में कई बार साथ बल्लेबाजी कर चुके हैं। अभिषेक के मुताबिक वह क्रीज पर इशान को हंसाने और सहज रखने की कोशिश करते हैं, ताकि दोनों बल्लेबाज परिस्थितियों के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने के बजाय अपनी साझेदारी का आनंद ले सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि आक्रामक बल्लेबाजी के लिए तैयारी सबसे जरूरी है। खासकर पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने के लिए वह विपक्षी टीम और उन गेंदबाजों को ध्यान में रखते हैं, जिनका सामना करना पड़ सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+