IND vs AUS: 'टीम में लिया ही क्यों, जब खिलाना ही नहीं था', दिग्गज की अनदेखी पर फूटा आकाश चोपड़ा का गुस्सा
India vs Australia 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला देखने को मिला है। तीसरे टेस्ट में भी पिच स्पिन के लिए मददगार साबित हो सकती है।

India vs Australia 3rd Test: ऑस्ट्रेलिया के स्पिन ऑलराउंडर एश्टन एगर को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिडनी टेस्ट में खेलने वाले एगर ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के लिए खेला था। लेकिन भारतीय दौरे से वह बिना खेले ही वापस लौट गए हैं। भारत जहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है, वहां उन्हें प्लेइंग इलेवन में नहीं शामिल किए जाने पर कई दिग्गजों ने हैरानी जताई है।

एश्टन एगर को वापस ऑस्ट्रेलिया भेजा गया
ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने के कारण स्पिन ऑलराउंडर एश्टन एगर वापस अपने देश लौट गए हैं। भारत में एश्टन एगर को कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। एश्टन एगर की जगह ऑस्ट्रेलिया ने ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी और कुह्नेमन का डेब्यू कराया। टॉड मर्फी ने पहले मैच में पांच विकेट लेकर इतिहास भी रचा। लेकिन एगर को मौका नहीं दिए जाने से कई दिग्गज निराश हैं। एश्टन एगर को पहले दो टेस्ट मैचों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी।

आकाश चोपड़ा का फूटा गुस्सा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के टीम सिलेक्शन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर एश्टन एगर को खिलाना नहीं था तो उन्हें टीम में ही नहीं चुना जाना चाहिए था। आकाश चोपड़ा ने कहा कि एश्टन एगर को वापस भेज दिया गया है। वो यहां पर नंबर 2 स्पिनर के तौर पर आए थे लेकिन अब उन्हें वापस शेफील्ड शील्ड में खेलने के लिए कहा गया है। चोपड़ा ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए।

कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लौट चुके हैं घर
तीसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की परेशानी बढ़ गई है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस अपनी मां की तबीयत के कारण बचे हुए सीरीज के लिए भारत वापस नहीं आ पाएंगे। वहीं जोश हेजलवुड और डेविड वार्नर पहले ही चोट के कारण घर लौट चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे टेस्ट की कप्तानी स्टीव स्मिथ करेंगे। स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की कोशिश इंदौर में वापसी करने की होगी। जबकि भारतीय टीम सीरीज का लगातार तीसरा मैच जीतना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications