ENG vs IND: आकाश चोपड़ा ने चुनी इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI, इन खिलाड़ियों को मिला मौका
इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट टीम को लेकर चर्चाएं तेज हैं, और इसी बीच पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी संभावित प्लेइंग XI का खुलासा कर दिया है। उन्होंने ना सिर्फ शुभमन गिल को कप्तान बताया, बल्कि बल्लेबाजी ऑर्डर में भी बड़ा बदलाव करते हुए उन्हें नंबर 4 पर भेजा है।
टीम इंडिया इस बार कई सीनियर खिलाड़ियों के बिना इंग्लैंड जा रही है, क्योंकि रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। ऐसे में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है, और आकाश चोपड़ा की यह प्लेइंग XI उसी की झलक देती है।

गिल होंगे कप्तान, नंबर 4 पर करेंगे बल्लेबाज़ी
चोपड़ा के मुताबिक, शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी जा सकती है और वे नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे। उनका मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में गिल का लंबा करियर इसी पोजिशन से शुरू हो सकता है।
सलामी जोड़ी: यशस्वी-राहुल पर भरोसा
ओपनिंग की जिम्मेदारी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को दी गई है। चोपड़ा ने कहा कि दोनों ने BGT में अच्छा प्रदर्शन किया था और राहुल के लिए पिछला इंग्लैंड टूर भी अच्छा रहा था।
नंबर 3 की पहेली: साई सुदर्शन या पडिक्कल?
तीसरे नंबर के लिए आकाश ने दो नाम सामने रखे। साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल। हालांकि उन्होंने माना कि पडिक्कल थोड़े आगे हैं क्योंकि हाल ही में उन्होंने टेस्ट डेब्यू भी किया है।
पंत और रेड्डी पर दांव
नंबर 5 पर रिषभ पंत की वापसी मानी जा रही है। वहीं, छठे नंबर पर उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी को तरजीह दी है, जो मेलबर्न में शतक जड़ चुके हैं। सरफराज खान, करूण नायर और ध्रुव जुरेल भी इस रेस में हैं।
स्पिन में जडेजा को तरजीह, सुंदर बैकअप
आश्विन के रिटायरमेंट के बाद आकाश ने रवींद्र जडेजा को स्पिन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर को भी एक विकल्प बताया क्योंकि इंग्लैंड के पास कई लेफ्टी बल्लेबाज हैं।
ऑलराउंडर स्लॉट: शार्दुल या दीपक चाहर
नंबर 8 पर चोपड़ा शार्दुल ठाकुर या दीपक चाहर को देख रहे हैं, जो स्विंग कंडीशंस में काम आ सकते हैं और बैटिंग में भी योगदान दे सकते हैं।
पेस अटैक: बुमराह-सिराज के साथ शमी या प्रसिद्ध कृष्णा
तीन पेसरों में बुमराह और सिराज तो फिक्स हैं। तीसरे पेसर के लिए मोहम्मद शमी फिट हुए तो वही रहेंगे, नहीं तो प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, आकाश दीप और हर्षित राणा जैसे नाम दौड़ में हैं।
आकाश चोपड़ा की संभावित प्लेइंग-11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन/देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर/दीपक चाहर, जसप्रित बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी/प्रसिद्ध कृष्णा।












Click it and Unblock the Notifications