टीम इंडिया में बार-बार कप्तान बदले जाने को लेकर भड़के आकाश चोपड़ा, धवन को बताया सही कप्तान!
नई दिल्ली, जुलाई 09। टीम इंडिया के बार-बार कप्तान बदले जाने को लेकर कई दिग्गज खिलाड़ी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा को सभी फॉर्मेट का नियमित कप्तान बनाया गया था, लेकिन पिछले कुछ महीनों के अंदर रोहित के अलावा 4-5 खिलाड़ियों को भारतीय टीम की कप्तानी दी जा चुकी है। हाल ही में बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज टूर के लिए टीम की घोषणा की है, जिसके लिए शिखर धवन को टीम का कप्तान बनाया गया है।

धवन को कप्तानी मिलने से खुश हैं आकाश चोपड़ा
शिखर धवन लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं और जैसे ही उनकी टीम में वापसी हुई है, उन्हें कप्तानी सौंप दी गई है। हालांकि धवन ने पिछले साल श्रीलंका में वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम की कप्तानी की थी। उस वक्त शिखर धवन वनडे फॉर्मेट में भारत की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बने थे। ऐसे में धवन को फिर से कप्तानी मिलने से पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा काफी खुश हैं, लेकिन उन्होंने बार-बार कप्तान बदले जाने पर चिंता जताई है।
क्या कप्तानी मिलना इतना आसान हो गया है?
आकाश चोपड़ा ने कहा है कि वो धवन को कप्तानी मिलने से काफी खुश हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों में जिस तरह से कप्तान बदले गए हैं उसको लेकर चिंतित भी हैं। आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों में विराट और रोहित के अलावा केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और अब धवन को कप्तानी के रूप में देखा है। इसको लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि मेरा एक सवाल है कि क्या अब भारतीय टीम में कप्तानी करना इतना आसान हो गया है? क्या इसके पीछे बहुत सारे खेल हैं? क्या चोट लगने का कारण है? या यह वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण है? क्या भारतीय क्रिकेट सही हाथों में है?












Click it and Unblock the Notifications