'उसका औसत ब्रैडमैन जैसा है', पूर्व ओपनर हुआ निराश, बताया सूर्यकुमार से पहले किसका 'टेस्ट' लेना था
सूर्यकुमार यादव को सफेद गेंद क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन का इनाम मिला है लेकिन भारत के पूर्व बल्लेबाज का मानना है कि इस इनाम का हकदार कोई और था जिसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका पहले देना चाहिए था।

भारतीय क्रिकेट में लाल गेंद टीम में सूर्यकुमार यादव का चयन टीम इंडिया में मौजूद गला-काट प्रतियोगिता की भेट चढ़ गया है। यादव को सभी चमत्कारी अंदाज में बल्लेबाजी करने वाला खिलाड़ी मानते हैं और उनको टेस्ट क्रिकेट में निश्चित तौर पर जगह मिलनी ही चाहिए थी लेकिन जब ऐसा मौका आया तो लोगों को यह भी दिक्कत है कि पहले सरफराज खान को क्यों नहीं लिया गया। ये भारतीय क्रिकेट है जहां पर आप किसी का भी चयन कीजिए किसी दूसरे का 'हक' मारा ही जाएगा। इस बार रनों का अंबार लगाने वाले सरफराज खान हैं जिन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया लेकिन सूर्यकुमार की आभा के तले दब से गए हैं।

सरफराज खान को स्काई से पहले मौका मिलना था
ना केवल फैंस बल्कि भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का भी मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो मैचों के लिए भारतीय टेस्ट टीम में प्रतिभाशाली सरफराज खान को स्काई से पहले मौका मिलना था। सूर्यकुमार और सरफराज एक ही टीम मुंबई से खेलते हैं और सरफराज के लिए रणजी शतक लगाना ऐसा ही बन चुका है जैसे आम इंसान के लिए सुबह उठकर नाश्ता-पानी करना। सच ये है पिछले दो सत्रों में सरफराज की बल्लेबाजी के कारनामों ने भारतीय घरेलू सर्किट में तूफान ला दिया है। वे दोनों ही मौकौं पर 900 से ज्यादा रन करने में कामयाब रहे और मौजूदा सीजन में भी जबरदस्त कर रहे हैं।

आकाश चोपड़ा हुए परेशान
सरफराज किस तरह की रन-मशीन हैं उसको इस आंकड़े से समझा जा सकता है- सरफराज ने 36 फर्स्ट क्लास खेलों में 80.47 के अविश्वसनीय औसत से 3380 रन बनाए हैं। भारत की ये टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए चुनी गई है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 9 फरवरी से नागपुर में शुरू होगी और इसमें ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने अपना पहला टेस्ट कॉल-अप प्राप्त किया, लेकिन सरफराज को नजरअंदाज कर दिया गया। इस पर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, सरफराज का नाम अभी भी नहीं हैं। उनको लगेगा जैसे उनके साथ धोखा हुआ है। वैसे तो बुमराह भी नहीं है लेकिन अभी मैं इस बात से ज्यादा परेशान हूं कि सरफराज को नहीं लिया गया।"

'उसका औसत ब्रैडमैन जैसा है'
"जब आपने सूर्या को चुना, तो इसका मतलब है कि एक जगह खाली थी। मेरी राय में, सरफराज को वह मौका मिलना चाहिए था क्योंकि सरफराज का फर्स्ट क्लास औसत 80 है। उनके अलावा, केवल डॉन ब्रैडमैन का औसत 80 या उससे अधिक का है।"
चोपड़ा आगे कहते हैं, "तो उसने भारतीय टीम में रहने के लिए अपनी हद में सब कुछ किया है। मैं थोड़ा निराश हूं, क्योंकि आपके पास उनको चुनने का मौका था, सूर्या और सरफराज दोनों एक साथ नहीं खेल सकते हैं। अगर किसी का घरेलू सीजन इतना अच्छा चल रहा है, तो आपको उसे इनाम देना चाहिए था।"

ऑस्ट्रेलिया की मुश्किल चुनौती के लिए टीम-
टीम पर एक नजर डालते हैं-
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), आर अश्विन, अक्षर पटेल , कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications