IND vs SL: धर्मशाला में कप्तानी का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकते हैं रोहित शर्मा, कोहली-धोनी को छोड़ेंगे पीछे
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेला जाना है, जिसके लिये दोनों टीमें यहां पहुंच चुकी हैं। भारत ने सीरीज के पहले मैच में 62 रनों से जीत हासिल कर पहले ही 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है और अब इस मैच में वो सीरीज को अपने नाम करने के लिये उतरेगा। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप 2021 में शर्मनाक तरीके से बाहर होने के बाद से ही भारतीय टीम नये कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में लगातार जीत की राह पर है और घर पर खेली गई पिछली दो सीरीज में विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप कर चुका है।

श्रीलंका की मौजूदा फॉर्म और कमजोर टीम को देखते हुए रोहित शर्मा अब धर्मशाला में भी खेले जाने वाले दो मैचों में जीत हासिल करने की दहलीज पर हैं, अगर हिटमैन ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं तो वो न सिर्फ लगातार तीसरी सीरीज में जीत हासिल करेंगे बल्कि टी20 क्रिकेट में कप्तानी का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर जायेंगे।
और पढ़ें: थर्ड अंपायर ने दिया था आउट पर शाकिब ने वापस बुला जीता दिल, अफगानिस्तान को हराया

कप्तानी का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका
रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में भारत को अब तक घर पर खेले गये 16 टी20 मैचों में से 15 में जीत दिलायी है और सबसे ज्यादा घर पर मैच जीतने वाले कप्तान की लिस्ट में अपना नाम इंग्लैंड के इयोन मोर्गन और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन के साथ टॉप पर शामिल किया है। हालांकि अगर रोहित शर्मा धर्मशाला में जीत हासिल करने में कामयाब हो जाते हैं तो वो घर पर सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाले कप्तान बन जायेंगे। वहीं पर भारतीय कप्तान की लिस्ट में रोहित को विराट कोहली को पछाड़ने के लिये 2 जीत और महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ने के लिये 5 जीत की दरकार है।

इस मामले में भी निकलेंगे आगे
ओवरऑल कप्तानी करियर की बात करें तो रोहित शर्मा ने भारत के लिये अब तक 24 मैचों में टीम की कमान संभाली है और उसमे से 22 बार टीम को जीत मिली है। इस जीत के साथ ही रोहित शर्मा भारत को न सिर्फ लगातार 11वीं जीत दिलायेंगे बल्कि नियमित रूप से टीम की कमान संभालने के बाद यह लगातार तीसरी सीरीज होगी जिसमें भारत को जीत मिलेगी। रोहित अपनी कप्तानी में पहले ही लगातार 4 टी20 सीरीज में विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप करने वाले भारतीय कप्तान बन चुके हैं और अगर वो श्रीलंका को भी क्लीन स्वीप करने में कामयाब हो जाते हैं तो वो अफगानिस्तान के असगर अफगान और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद की बराबरी कर लेंगे।

बन सकते हैं सबसे तेज हजार रन बनाने वाले कप्तान
रोहित शर्मा के पास बतौर टी20 कप्तान 1000 रन पूरा करने का भी मौका है, जिसके लिये वह 19 रन दूर हैं। अगर वो इस मैच में यह कारनामा कर लेते हैं तो सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले दूसरे कप्तान बन जायेंगे। उनके पास पिछले मैच में पाकिस्तान के बाबर आजम के साथ सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका था, हालांकि अपने कप्तानी की 26वीं पारी में वो 44 रन पर आउट हो गये और इस मौके से चूक गये। इसके बावजूद रोहित के पास सबसे तेज 1000 टी20 रन पूरा करने वाले भारतीय कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। फिलहाल यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है जिन्होंने 30 पारियों में यह कारनामा किया था तो वहीं पर धोनी ने 57 पारियों में 1000 रन बनाकर सबसे धीमा कप्तान होने का रिकॉर्ड बनाया था।

7 साल बाद धर्मशाला में मैच खेलेगा भारत
गौरतलब है कि धर्मशाला के मैदान पर 26 फरवरी को सीरीज का दूसरा मैच खेला जायेगा जबकि आखिरी मैच 27 फरवरी को खेला जायेगा। धर्मशाला के मैदान पर आखिरी बार कोई टी20 मैच 2016 के टी20 विश्वकप के दौरान खेला गया था, जबकि भारतीय टीम इस मैदान पर आखिरी बार 2015 में खेलने उतरी थी। 2019 में उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना था लेकिन बारिश के चलते मैच नहीं हो सका था। धर्मशाला के मैदान पर कुल 7 मैच खेले गये हैं, जिसमें से 5 मैचों का नतीजा आया है, जबकि दो मैच बेनतीजा रहे हैं।
आखिरी बार जब भारतीय टीम इस मैदान पर खेली थी तो रोहित शर्मा ने शतक जड़ा था, लेकिन साउथ अफ्रीका की टीम ने 200 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर मैच जीता था। इस मैदान पर खेले गये 6 मैचों में 4 बार पहले स्कोर खड़ा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि दो बार टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच जीता है।












Click it and Unblock the Notifications