खेल जगत के 3 बड़े दिग्गजों का क्या रहा चुनाव में हाल, किसे मिली जीत और किसका टूटा दिल
Lok Sabha Election Result: लोकसभा चुनावों के परिणामों पर हर किसी की नजर थी। खेल जगत से भी इस बार कुछ बड़े नाम मैदान में थे। उनमें से दो खिलाड़ी तो ऐसे थे, जो भारतीय टीम से खेले थे और वर्ल्ड कप विजेता टीमों में भी थे। एक खिलाड़ी एथलेटिक से ताल्लुक रखता है।
तीनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें, तो दो को सफलता मिल गई लेकिन तीसरे का सपना टूट गया। वह जीत दर्ज करने में नाकाम रहा और लोकसभा भी नहीं जा पाएगा। एक और अहम बात यह भी है कि भारतीय क्रिकेट टीम से खेल चुके दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने बंगाल से चुनाव लड़ा था।

कीर्ति आजाद: साल 1983 में कपिल देव की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम में कीर्ति आजाद भी थे। वह टीम के सदस्य थे। उनको ममता बनर्जी ने बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर सीट से चुनावों के लिए टिकट दिया था। कीर्ति आजाद के सामने बीजेपी के दिग्गज नेता दिलीप घोष लड़ रहे थे। दिलीप घोष को हार का सामना करना पड़ा। कीर्ति आजाद ने करीबन 1 लाख 40 हजार के मार्जिन से यह सीट जीत ली।
युसूफ पठान: साल 2007 में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में जीत दर्ज की थी और फाइनल में युसूफ पठान ओपन करने आए थे। पाकिस्तान के खिलाफ वह मैच था। टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी। इस बार सियासी पिच पर खेलते हुए युसूफ पठान ने अपने नाम का डंका बजा दिया। पठान को बहरामपुर सीट से ममता बनर्जी ने टिकट दिया था। कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को हराकर उन्होंने जीत दर्ज की।
देवेन्द्र झाझड़िया: भारत के लिए पैरालंपिक में दो जैवेलिन थ्रो स्पर्धा में दो गोल्ड मेडल जीतकर लाने वाले देवेन्द्र झाझड़िया ने राजस्थान के चुरू लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन उनको सफलता नहीं मिल पाई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद राहुल कस्वां को कांग्रेस ने टिकट देकर देवेन्द्र के सामने चुनाव लड़ाया था, राहुल कस्वां ने जीत दर्ज कर ली और देवेन्द्र का सपना टूट गया।












Click it and Unblock the Notifications