World Cup 2023: हाई-सिक्योरिटी के बीच होगा भारत-पाकिस्तान का मैच, जानें क्या है सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी
India vs Pakistan: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का मैच 14 अक्टूबर को खेला जाएगा। यह भिड़ंत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होनी है। इस महामुकाबले से पहले पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। इसके अलावा सुरक्षा एजेंसियों ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में अहमदाबाद पुलिस के अधिकारी ने बड़ी जानकारी दी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुजरात पुलिस, एनएसजी, आरएएफ और होम गार्ड सहित विभिन्न एजेंसियों के 11,000 से अधिक कर्मियों को 14 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान विश्व कप क्रिकेट मैच के दौरान अहमदाबाद और यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धमकियों के बाद उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जी एस मलिक ने कहा कि, 'अहमदाबाद में पिछले 20 वर्षों में शहर में खेले गए क्रिकेट मैचों के दौरान कभी भी सांप्रदायिक हिंसा नहीं देखी गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर कई सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा।'
इससे पहले दिन में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने हाई-प्रोफाइल खेलों को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कार्य योजना की समीक्षा करने के लिए गांधीनगर में गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, राज्य के पुलिस महानिदेशक विकास सहाय, जीएस मलिक और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
शाम को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की है और पुलिस को यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है कि मैच के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
मलिक ने कहा कि स्टेडियम में 1 लाख से अधिक दर्शकों की आवाजाही और एक ईमेल के माध्यम से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हाल ही में जारी की गई धमकी जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मलिक ने बताया कि, '7,000 से अधिक पुलिस कर्मियों के साथ हम मैच के दौरान स्टेडियम की सुरक्षा और शहर के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 4,000 होम गार्ड तैनात करेंगे। इन कर्मियों के अलावा हम तीन 'हिट टीमें' तैनात करेंगे। एनएसजी की एक एंटी-ड्रोन टीम और बम का पता लगाने और निपटान दस्ते की नौ टीमों का भी उपयोग किया जाएगा।'
उन्होंने कहा कि महानिरीक्षक और उप महानिरीक्षक रैंक के चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और 21 पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रैंक के अधिकारी मैच के दिन कर्मियों की निगरानी और मार्गदर्शन करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि, 'राज्य रिजर्व पुलिस (SRP) की 13 कंपनियों के अलावा हम अपनी सुरक्षा व्यवस्था के हिस्से के रूप में रैपिड एक्शन फोर्स की तीन कंपनियों को तैनात करेंगे। आरएएफ शहर के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखेगी। लोगों की मदद के लिए हमने पहले ही निकासी योजना तैयार कर ली है और स्टेडियम में रिहर्सल भी चल रही है।'
उन्होंने कहा, 'मैच के दौरान किसी भी रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) आपात स्थिति का जवाब देने के लिए, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को भी शहर में तैनात किया जाएगा।'
रिपोर्टों के अनुसार, मुंबई पुलिस को एक ईमेल मिला जिसमें एक अज्ञात प्रेषक ने प्रधानमंत्री को नुकसान पहुंचाने और अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम को उड़ाने की धमकी दी। भेजने वाले ने 500 करोड़ रुपये और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को जेल से रिहा करने की भी मांग की।
मलिक ने कहा कि इस तरह की धमकियों का शहर पुलिस द्वारा विधिवत "मूल्यांकन" किया गया है और यह पाया गया कि मेल एक विदेशी स्थान से भेजा गया था। उन्होंने बताया कि, 'हमने ऐसे खतरों का आकलन किया है और उसके अनुसार अपनी तैनाती की योजना बनाई है। इसके अलावा, जब एक लाख से अधिक दर्शक मैच देखने आने वाले हों तो ऐसी विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है।' मलिक ने कहा कि, शहर की पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अच्छी तरह से तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications