PV Sindhu: बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने की सगाई, वेंकट दत्ता के साथ शेयर की खास पोस्ट
स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने शनिवार, 14 दिसंबर को वेंकट दत्ता साई से सगाई कर ली। ऐसा माना जा रहा है कि यह एक निजी समारोह था। खबर है कि वह रविवार, 22 दिसंबर को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधेंगी और सगाई समारोह शनिवार को आयोजित किया गया।
सिंधु की शादी की घोषणा दो सप्ताह पहले लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल में खिताब जीतने के कुछ ही दिनों बाद हुई। सिंधु की शादी का जश्न उदयपुर में 20 दिसंबर को शुरू होगा और 22 दिसंबर को शादी होगी। इससे पहले उन्हें क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई लोगों को आमंत्रित करते देखा गया था।

सिंधु ने सोशल मीडिया पर शेयर की खास पोस्ट
शनिवार को सिंधु ने सगाई के मौके पर दत्ता के लिए सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया। समारोह स्थल को खूबसूरती से सजाया गया था, जिसके पीछे एक बोर्ड लगा था, जिस पर लिखा था कि, 'मिस टू मिसेज।' सिंधु ने अपनी पोस्ट में लेबनानी लेखक खलील जिब्रान का हवाला देते हुए लिखा कि, 'जब प्यार आपको बुलाए, तो उसको फॉलो करें, क्योंकि प्यार खुद के अलावा कुछ नहीं देता।'
एक महीने पहले ही तय हुआ कार्यक्रम
दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन एक महीने पहले ही सब कुछ तय हुआ था। सिंधु के पिता पीवी रमना ने पीटीआई को बताया कि, 'यह एकमात्र संभावित समय था, क्योंकि जनवरी से उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त हो जाएगा।' दो बार की ओलंपिक पदक विजेता के सत्र के पहले मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट में भाग लेने की उम्मीद है, जो संभवतः 7 जनवरी से शुरू होगा।
ये भी पढ़िए- 'ICC लॉलीपॉप दे रही है,' चैंपियंस ट्रॉफी पर डील को लेकर PCB पर भड़का PAK क्रिकेटर
22 दिसंबर को होगा पीवी सिंधु का विवाह
यह सत्र का पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा और सिंधु पिछले सप्ताह लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल में खिताब जीतने के बाद अपने फॉर्म को जारी रखना चाहेंगी। रमना ने कहा कि, 'इसलिए दोनों परिवारों ने 22 दिसंबर को विवाह समारोह आयोजित करने का फैसला किया। रिसेप्शन 24 दिसंबर को हैदराबाद में होगा। वह इसके तुरंत बाद अपनी ट्रेनिंग शुरू कर देंगी, क्योंकि अगला सत्र महत्वपूर्ण होने वाला है।' अगले सत्र में अगले ओलंपिक चक्र की शुरुआत होगी, जिसका समापन 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में होगा।












Click it and Unblock the Notifications