Sonbhadra: हेलमेट होता तो बच जाती जान! दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर, दो की मौत, तीन घायल
Sonbhadra जिले में रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। दोनों बाइकों पर किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।

Sonbhadra जनपद के रायपुर थाना अंतर्गत रॉबर्ट्सगंज-ख़लियारी मार्ग पर रविवार सुबह सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई वहीं 3 लोग घायल हो गए। मौत की सूचना मिलने के बाद दोनों मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
दरअसल, सोनभद्र जनपद के रामपुर बरकोनिया थाना अंतर्गत करमांव गांव के रहने वाले 40 वर्षीय गोपाल अपने रिश्तेदार 35 वर्षीय राजेश निवासी झरना के साथ बाइक से बिहार गए थे। बिहार से रविवार सुबह में दोनों बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान नौगढ़ थाना क्षेत्र के मरवटिया निवासी 30 वर्षीय राजू और श्याम लाल तथा करमाव गांव के रहने वाले 40 वर्षीय कमलेश आदि तीन लोग एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से बाजार की तरफ जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों बाइक सवार जब रामपुर थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में रॉबर्ट्सगंज-ख़लियारी मार्ग पर पहुंचे इस दौरान दोनों बाइकों की रफ्तार तेज थी और आमने-सामने दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर बैठे लोग हवा में उछलते हुए दूर-दूर जाकर गिरे।
दुर्घटना के बाद वहां पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल पांचों को सड़क से उठाकर किनारे किया। इस दौरान राजेश और गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दिया। एंबुलेंस से पांचों घायलों को वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाने के बाद जांच पड़ताल के दौरान चिकित्सकों ने गोपाल और राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार कमलेश, श्यामलाल और राजू तीनों गंभीर रूप से घायल हैं। जिनका चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस मृतकों के पास से मिले कागजात के आधार पर उनके परिजनों को सूचना दी। परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
किसी ने नहीं पहना था हेलमेट: प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताया गया कि दोनों बाइकों पर सवार कोई भी युवक हेलमेट नहीं पहना था। यदि हेलमेट पहने रहते तो दोनों की जान बच सकती थी। यह भी बताया गया कि दोनों बाइकों की स्पीड काफी अधिक थी जिसके चलते सामने बाइक आने पर दोनों बाइक चालक बाइक को काबू में नहीं कर पाए और हादसा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications