सोनभद्र: खा-पीकर प्रेमिका के घर में सोया प्रेमी, सुबह दोनों की मिली लाश
सोनभद्र। यूपी में सोनभद्र जिले के बभनी के रम्पापुर गांव में घर के अंदर बिस्तर पर प्रेमिका का और घर से कुछ दूर स्थित पेड़ से लटका प्रेमी का शव मिला। दोनों का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर वालों के मुताबिक, प्रेमी ने पहले प्रेमिका का गला दबाकर मार डाला फिर फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है। दोनों शादी करने वाले थे। उससे पहले अबूझ हाल में दोनों की मौत हो गई।

एक वर्ष से चल रहा था प्रेम प्रसंग
रम्पापुर गांव निवासी रामसुभग की 20 वर्षीय लड़की देवंती और ग्राम पंचायत सलेनाग के बरवा टोला निवासी मेहीलाल के 25 वर्षीय बेटे बिहारी ने के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों की शादी के लिए दोनों परिवारों में एक साल पहले बातचीत चली थी। लड़के का पिता लड़की के घर शादी तय करने आए थे। उस दौरान लड़की के पिता घर पर नहीं थे। लिहाजा, बात आगे नहीं बढ़ सकी। बावजूद इसके लड़का और लड़की में मिलना-जुलना जारी रहा। कुछ महीने पहले बिहारी काम की तलाश में चेन्नई चला गया। वहां मजदूरी का काम करने लगा।
दो दिन पूर्व घर लौटा प्रेमी पहुंचा था प्रेमिका के घर
दो दिन पहले प्रेमी बिहारी अपने घर लौटा। लड़की के पिता रामसुभग ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की दोपहर लगभग दो बजे बिहारी उनके यहां आया। खाना खाया और रात को रुक गया। उनकी लड़की घर के अंदर वाले कमरे में थी। बिहारी और वह आंगन में सोए। लड़की की मां बाहर वाले कमरे में सो गई। सुबह साढ़े पांच-छह बजे जब उनकी नींद खुली तो देखा बिहारी अपने बिस्तर पर नहीं था। उन्होंने लड़की को आवाज दी। जवाब न मिलने पर वह उसके कमरे में गए तो देखा कि लड़की बिस्तर पर पड़ी है। हिल-डुल नहीं रही है। उसकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान गांव वालों ने बताया कि घर से लगभग चार सौ मीटर दूर कौव्वा नाला के पास एक पेड़ से गमछे के सहारे लटक कर बिहारी ने फांसी लगा ली।
हत्या और आत्महत्या की जांच में उलझी पुलिस
बभनी थाने के एसआई संजय पाल ने बताया कि पूछताछ और जांच में दोनों की मौत का कारण समझ में नहीं आ रहा है। पिता के अनुसार ऐसा लगता है कि किसी बात पर अनबन के बाद लड़की की गला दबाकर हत्या के बाद लड़के ने फांसी लगा ली है। दोपहर में गांव में पहुंचे सीओ सुनील कुमार विश्नोई का कहना है कि अभी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि हत्या है या आत्महत्या।












Click it and Unblock the Notifications