सीतापुर: महिला ने पुलिस से की तीन तलाक की शिकायत, पति ने काट दी नाक
सीतापुर। यूपी के सीतापुर में ट्रिपल तलाक की तहरीर वापस नहीं लेने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की और उसके बाद उसकी नाक काट दी। पीड़िता की मदद के लिए आए उसके बहनोई को भी ससुराल पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता व उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस पूरे मामले को लेकर मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के दो महिलाओं सहित 4 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। यह पूरा मामला खैराबाद थाना क्षेत्र का है।

दो महीने पहले हुई थी शादी
सीतापुर जिले के खैराबाद की रहने वाली एक लड़की का विवाह 14 मई 2019 महमूदाबाद कोतवाली इलाके के रहने वाली सद्दाम से हुई थी। पीड़िता का आरोप शादी के अगले दिन 15 मई को पति किसी काम का बहाना बताकर घर से गया हुआ था, जिसके लिए वह पीड़िता से 35 हजार रुपए भी ले गया था। एक महीने बाद पति का फोन आने पर पीड़ित महिला से दहेज में मोटरसाइकिल देने की डिमांड की, जिसमें पीड़िता ने असमर्थता जताई गई। इसको लेकर 3 अगस्त को पति सद्दाम का फोन आया और उसने फोन पर तीन बार तलाक तलाक कह दिया, जिसके बाद पीड़िता व उसके परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

तहरीर वापस न लेने पर काटी नाक
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी पति ने पीड़िता पर तहरीर वापस लेने का दबाव बनाया, लेकिन पीड़िता ने तहरीर वापस नहीं ली। जिसके बाद पति और उसके परिवार वालों ने पीड़िता की जमकर पिटाई कर दी और धारदार हथियार से उसकी नाक काट ली। इतना ही नहीं मामले को शांत कराने आए उसके बहनोई को भी परिवार के लोगों ने जमकर पीटा, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्या कहती है पुलिस
एसपी एलआर कुमार का कहना है कि खैराबाद में दो दिन पहले सूचना आई थी कि एक पति के द्वारा पत्नी को फोन पर ट्रिपल तलाक की सूचना आई थी। इन्हें थाने पर बुलाया गया था। समझौता कराने का प्रयास किया गया था, लेकिन समझौता नहीं हो पाया था। इसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा लिखाया गया था। बाद में मारपीट हुई, जिसमें महिला की नाक में चोट लगी है।












Click it and Unblock the Notifications