सीतापुर: बारिश में गिरी मकान की दीवार, दो भाइयों की दबकर मौत
सीतापुर, मई 07: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों बारिश हुई है। तेज हवाओं और बारिश से जहां एक ओर मौसम सुहावना हो गया है वहीं सीतापुर में ये बारिश एक परिवार के लिए काल बनकर आई। बारिश में यहां एक मकान की पक्की दीवार गिर गई। इसकी चपेट में आकर दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य जगह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से दोनों के परिवारों कोहराम मच गया।

दो भाइयों की मलबे में दबकर मौत
सीतापुर के शहर कोतवाली इलाके के मुंशीगंज निवासी राम कश्यप के दोनों बेटे गौरव (12) और नेहाल (14) शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश के बीच ही घर के पास शौच के लिए गए हुए थे। बताया जा रहा है कि दोनों भाई पंकज के घर के दीवार के पास शौच कर रहे थे। इसी दौरान बारिश के बीच तेज हवा के चलने से पंकज के घर की पक्की दीवार भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबने दोनों बच्चों गौरव व नेहाल की मौत हो गई। लोगों ने मलबा हटाकर दोनों के शवों को निकाला। मामले की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आकाशीय बिजली से एक युवक की मौत
दूसरी घटना सकरन थाना क्षेत्र के सोहरिया की है। यहां दीपू नाम का युवक बारिश के दौरान छत पर पड़े छप्पर को सही कर रहा था। इसी दौरान तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली दीपू के ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। दीपू की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी परिजनों द्वारा तहसील प्रशासन को दे दी है। इसके अलावा सदरपुर थाना क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली से एक महिला झुलस गई है। महिला को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications