हिमाचल में आईटीबीपी के जवानों ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड में किया योगा, माइनस 10 डिग्री था तापमान
शिमला। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लेकर चिलचिलाती गर्मी में लोगों ने योग किया। प्रदेश के राज्यपाल व सीएम ने शिमला तो मंत्रियों ने अपने इलाकों में योगासान किया। वहीं भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने हाड़ कंपा देने वाली ठंड में इस दिवस को खास बनाया। वहीं विश्व के सबसे ऊंचे गांव टशीगंग में भी लोगों ने योग के माध्यम से रोग दूर करने का संकल्प लिया।
आईटीबीपी जवानों ने किया योगा
हिमाचल प्रदेश में भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने समुद्रतल से करीब 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे पर बर्फ के बीच माइनस दस डिग्री तापमान में योग कर इतिहास रचा। भारत तिब्बत सीमा पुलिस की सेंकड बटालियन के जवानों ने रोहतांग में कड़ाके की ठंड के बीच सुबह छह बजे ही योग की कई प्रक्रियाओं का अभ्यास कर दुनिया को योग का संदेश दिया। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बबेली के सहायक सेनानी रवि शर्मा ने योग सिखाया।
बर्फ के बीच मनाया योग दिवस
कमांडेंट कुशल कुमार ने कहा कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशानुसार आईटीबीपी जवानों ने रोहतांग के साथ बबेली में ब्यास नदी के किनारे योगाभ्यास किया। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के काजा में भी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सीएम और राज्यपाल ने भी किया योगाभ्यास
वहीं शिमला के रिज मैदान पर योग दिवस कार्यक्रम में सीएम जयराम ठाकुर, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और अन्य लोगों ने योग किया। इसके बाद गुरुवार को कुल्लू बस दुर्घटना में मारे गए लोगों को अंतिम सम्मान देने के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसी तरह बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर सरकाघाट, वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कुल्लू उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर देहरा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजीव सैजल सोलन, प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल रेणुका, सरवीण चौधरी कांगड़ा और विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज चंबा में तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर और शांता कुमार पालमपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।