हिमाचल प्रदेश: जेपी नड्डा ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, बोले- चुनाव जीतना ही एकमात्र लक्ष्य
शिमला, 22 अगस्त: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में मोदी ब्रांड के सहारे ही चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके लिए आने वाले दिनों में एक बार फिर पीएम मोदी हिमाचल आएंगे। चुनाव को भाजपा आक्रामक तरीके से लड़ेगी। कुछ मौजूदा विधायकों को टिकट काटने और नए चेहरों को टिकट देने की भी पार्टी तैयारी कर रही है। वहीं, कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वालों के लिए पार्टी दरवाजे खुले रखेगी। चुनाव मौजूदा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ही अगुवाई में ही लड़ जाएंगे।

भाजपा का एकमात्र एजेंडा आने वाला चुनाव जीतना है, नड्डा ने किया साफ
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शिमला के पीटर हाफ होटल में देर रात तक चली बैठक में हिमाचल भाजपा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा आने वाला चुनाव जीतना है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने बागियों से सख्ती से निपटेगी। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा ने भी हिस्सा लिया। बैठक में आगामी आम चुनाव से जुड़े कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
भाजपा नेताओं के कांग्रेस में जाने की अटकलों पर क्या बोले सीएम ठाकुर ?
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि भाजपा हिमाचल इकाई जल्द ही चुनाव प्रबंधन से संबंधित सभी चुनाव समितियों का गठन करेगी और जहां कोई विवाद नहीं है, वहां टिकट भी जल्दी ही तय कर दिए जायेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा नेताओं के कांग्रेस में जाने की अटकलों पर कहा कि यह अनावश्यक रूप का भ्रम फैलाया जा रहा है। चुनावों के समय इस तरह का क्रम हर बार होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा संगठन मजबूत है और आने वाले चुनावों में एक बार फिर से प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications