लॉकडाउन के बीच शामली में दो युवतियों की बेरहमी से हत्या, रस्सी से बंधे मिले शव
शामली। लॉकडाउन के बीच उत्तर प्रदेश के शामली जिले में दो युवतियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। दोनों महिलाओं के शव कैराना के जगनपुर गांव से मिले हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शवों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिलहाल, पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। एसपी का कहना है कि पहली नजर में यह बलात्कार का मामला नहीं लगता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं।

धारदार हथियार से काटकर की गई हत्या
बताया जा रहा है कि दोनों युवतियों की धारदार हथियारों से काटकर हत्या की गई है। इसके बाद दोनों युवतियों को रस्सी से बांधकर गन्ने के खेत मे फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कैराना प्रदीप कुमार व इंस्पेक्टर यशपाल धामा पुलिस फ़ोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा दोनों मृतक युवतियों के शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों की पहचान नहीं हो सकी। मृतक दोनों युवतियों की उम्र करीब 20 व 25 वर्ष है।
एसपी ने रेप की घटना से किया इनकार
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक, कैराना के जगनपुर गांव से दोनों युवतियों के शव बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहली नजर में यह रेप का मामला नहीं लगता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं। दोनों युवतियों के सिर व गले पर चोट के गहरे निशान है। बता दें, कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन जारी है। इसके बावजूद आपराधिक घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। बीते दिनों संभल में समाजवादी पार्टी के नेता और उनके बेटे की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वहीं, प्रयागराज में भी तीन सगे भाइयों के ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है।












Click it and Unblock the Notifications