Shamli: ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगी आटा चक्की में धमाका, 2 बच्चों की मौत, आधा दर्जन लड़ रहे जिंदगी की जंग
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक बेहद ही दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर ट्राली पर बनाई गई आटा चक्की के फटने से 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित आधा दर्जन बच्चे गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन फानन में घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर पर लगाई थी आटा चक्की
बता दें कि यह हादसा जनपद शामली के झिझाना थाना क्षेत्र के गांव मंसूरा में हुआ है। यहां के रहने वाले तासीम ने अपनी ट्रैक्टर ट्राली में आटा चक्की लगाई हुई है। जिससे वह अनाज पीसकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। गुरुवार की दोपहर भी तासीम अपने घर के बाहर आटा चक्की पर अनाज पीस रहा था, तभी अचानक धमाके के साथ आटा चक्की फट गई।

इस दौरान पास में ही तासीम की 10 वर्षीय बेटी सुहाना, 6 वर्षीय अकशा, खुर्शीदा पत्नी तासीम एवं पड़ोसी रियासत का 3 वर्षीय बेटा जावेद, 14 वर्षीय अफसरीन, 9 वर्षीय शारिक, 7 वर्षीय गुलफसा और अन्य बच्चे भी मौजूद थे। आटा चक्की फटते ही ये सभी उसकी चपेट में आ गए। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 बच्चों की मौत
उधर, तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।लेकिन रास्ते में ही 7 वर्षीय बच्ची गुलफसा की मौत हो गई। वहीं 3 वर्षीय जावेद ने हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक बच्चों के परिजनों ने बिना पुलिस की कार्यवाही के दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया। एक साथ हुई दो मौतों से गांव में शोक का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications