बड़े से पहले छोटे भाई को करनी थी शादी, 24 लाख का बीमा करवाकर मार दिया
Shahjahanpur news, शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में पुलिस ने हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। यहां भाई ने ही अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की थी। 6 महीने पहले आरोपी भाई ने बड़े भाई का 24 लाख रुपये का बीमा कराया था। बीमे की रकम हड़पने के लिए भाई की हत्या के बाद उसे एक्सीडेंट दिखाकर हाईवे भी जाम किया था। पुलिस ने जांच की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस ने आरोपी भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घर से 400 मीटर की दूरी पर मिली थी लाश
घटना थाना मिर्जापुर के तारापुर गांव की है। यहां एक फरवरी को प्रदीप नाम के युवक की उसके घर से चार सौ मीटर की दूरी पर लाश मिली। मृतक के भाई कुलदीप ने एक्सीडेंट दिखाते हुए हाईवे को जाम कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की गहनता से जांच शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। एसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि लाश मिलने के बाद पता चला कि उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन मृतक का भाई लगातार एक्सीडेंट का दबाव बनाता रहा। पुलिस को मृतक के भाई कुलदीप पर शक हुआ और पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की तो सच सामने आ गया।

शादी करना चाहता था छोटा भाई
कुलदीप ने बताया कि उसका परिवार बेहद गरीब था। वह शादी भी करना चाहता था, लेकिन उसका बड़ा भाई प्रदीप शादी से इनकार कर रहा था। छोटा होने के कारण उसकी भी शादी नहीं हो पा रही थी। उसके बाद ये बात कुलदीप ने अपने दोस्त गगन और जितेन्द्र से चर्चा की और साजिश रची।

24 लाख रुपए का बीमा कराया, फिर मार दिया
कुलदीप ने बताया, 6 महीने पहले बड़े भाई का 24 लाख रुपए का बीमा कराया। इसके बाद दोस्तों से मिलकर भाई को सुनसान इलाके में लेकर गए, जहां उसकी गोली मारकर हत्या की। इसके बाद शव को घर से चार सौ मिटर की दूरी पर फेंक दिया। जब बीमा कराया था तो उसकी जानकारी मेरे परिवार को नहीं थी। बीमे का नाॅमनी में मैंने अपना नाम डाला था, जिससे मौत के बाद पैसा हमे मिले। फिलहाल, पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी भाई कुलदीप और उसके दोस्त गगन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी जितेन्द्र की तलाश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications