पूर्व एमएलसी और कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद के चचेरे भाई एसपी में हुए शामिल, अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता
शाहजहांपुर, 07 अक्टूबर: 2022 के अंदर उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने है। चुनावों से नेताओं के दल-बदलने का खेल जारी है। इसी कड़ी में पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। जयेश प्रसाद को एसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदस्यता दिलाई। बता दें, जयेश प्रसाद पूर्व एमएलसी है और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद के चचेरे भाई हैं।

समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव 06 अक्टूबर को शाहजहांपुर पहुंचे थे। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। किसानों को कुचला जा रहा है, उनकी हत्या की जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा इस सरकार में अगर सच बोलोगे, आवाज उठाओगे तो गाड़ी से कुचल दिए जाओगे। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जुल्म ढाने में अंग्रेजों से भी आगे चली गई।
अखिलेश यादव ने कहा कि अंग्रेजों ने भी कभी आंदोलनकारियों को कार से नहीं कुचला होगा। उससे भी आगे जाकर भाजपा सरकार मे केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों को कार से कुचल दिया। उसकी गिरफ्तारी भी नहीं की जा रही है। खीरी कांड के बाद भाजपा सरकार ने किलेबंदी ही कर दी। किसी को भी पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं दिया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने भाजपा की केंद्र और यूपी सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कहा कि यह पहली सरकार है, जिसके शासन में आईपीएस फरार है, पुलिस वाले मुख्यमंत्री के गोरखपुर जिले में व्यापारी की हत्या कर रहे हैं, खीरी में मंत्री का बेटा किसानों पर कार चढ़ा दे रहा है। ऐसी सरकारों पर कोई कैसे विश्वास करे। ऐसी सरकार को हटाना जरूरी है। आज किसानों को कभी मवाली कहा जा रहा है, कभी आतंकवादी कहा जा रहा है। इतना अपमान किसानों का पहले कभी किसी सरकार ने नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications