Satna news : चलती ट्रेन से गिरा यात्री, सुरक्षा जवान ने सूझ बूझ से बचायी जान, देखें VIDEO
सतना जिले के मैहर रेलवे स्टेशन में एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया, यह देखते ही वहां मौजूद आरपीएफ जवान ने दौड़कर उस यात्री की जान बचाई।

Satna news : मैहर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक व्यक्ति की छोटी सी गलती से उसकी जान जाने से बाल बाल बच गई। रेल सुरक्षाकर्मी आरपीएफ की सतर्कता और सूझ बूझ ने रेल यात्री की जान बचा ली।
Recommended Video

बड़ी दुर्घटना का हो सकता था शिकार
दरअसल, मैहर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश में एक यात्री चलती गाड़ी से गिर गया। गिरते ही यह यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच फिसल गया, व्यक्ति के फिसलते ही ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान ने बड़ी सतर्कता के साथ उसकी जान बचा ली। थोड़ी सी देरी से वह व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता था।

प्लेटफार्म पर तैनात इस जवान ने बचाई जान
मैहर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर दानापुर- पुणे एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री फिसल कर चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा घुसा। उसकी जान मुश्किल में फंस गई लेकिन स्टेशन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान भागूराम ने देखा और तेजी से उस यात्री की जान बचाने दौड़ा, जवान को ट्रेन से गिरते यात्री की जान बचाने में सफलता मिली।

इस यात्री की बची जान
यात्री की पहचान बुद्धिनाथ दुबे 45 वर्ष निवासी धनापुर पोस्ट राधास्वामी धाम गोपीगंज जिला भदोही उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह 12150 दानापुर- पुणे एक्सप्रेस से मिर्जापुर से पुणे की सफर कर रहा था। रेलवे के सीपीआरओ ने जानकारी दी कि रेल यात्री बुद्धिनाथ मैहर स्टेशन पर पानी लेने उतरा था, इसी दौरान रेलगाड़ी चल पड़ी। हड़बड़ाहट में वह ट्रेन की तरफ दौड़ा और चलती रेलगाड़ी पर चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में जा फंसा।

पिछले सप्ताह सतना रेलवे स्टेशन में घटी थी घटना
बताते चलें बीच पिछले सप्ताह सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पानी लेने के लिए उतरते टाइम रेलगाड़ी चल पड़ने से एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में घुस गया था। घटना में उसका एक हाथ- पैर कट गया था। जनता एक्सप्रेस से सफर कर रहा लालचंद भी गोपीगंज का रहने वाला था। यात्री की पत्नी प्रेमवती को रेलगाड़ी रुकवा कर सतना स्टेशन पर उतारा गया था।












Click it and Unblock the Notifications