Maihar News: अचानक सरकारी अस्पताल पहुंची डीएम तो मचा हड़कंप, फर्श पर लेटी महिला ने बताई ये बात
Maihar News: मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने अमरपाटन सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और वहां की अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। कलेक्टर ने माना कि अमरपाटन अस्पताल में तमाम तरह की कमियां हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब थी। वार्डों और शौचालयों की स्थिति बेहद दयनीय थी, और जगह-जगह गंदगी पसरी हुई थी। इस दौरान जमीन पर लेटे मरीजों को देखकर कलेक्टर का पारा हाई हो गया। उन्होंने बीएमओ डॉक्टर भीम गोपाल भदौरिया को जमकर फटकार लगाई है।

कलेक्टर ने सफाई ठेकेदार को भी तलब कर जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए ठेका दिया गया है और इसी के लिए भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिया कि वे सिर्फ पैसे लेने के लिए काम नहीं करें, बल्कि तत्काल सफाई व्यवस्था में सुधार लाएं। कलेक्टर ने स्थानीय अधिकारियों को भी हिदायत दी कि वे समय-समय पर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था को लेकर सीएमएचओ पर भी नाराजगी जाहिर की और सफाई ठेकेदारों की समीक्षा करने और नियमित निरीक्षण की सलाह दी। उन्होंने सफाई ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, अस्पताल में पाई गई अघोषित पार्किंग के संबंध में उन्होंने तुरंत सभी अवैध पार्किंग बंद कराने और वाहनों को हटाने के आदेश दिए।
अस्पताल में जगह की कमी का जायजा लेने के बाद, कलेक्टर ने नव निर्मित अस्पताल के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक इसे प्रारंभ नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और इसे जल्द से जल्द चालू करने के निर्देश दिए
जमीन पर लेटे मरीजों को देख नाराज
अस्पताल भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कई मरीजों को जमीन पर लेटा हुआ पाया, जिससे वे असंतुष्ट दिखीं। उन्होंने तत्काल सभी मरीजों को बेड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, विशेष रूप से बारिश के मौसम में, ताकि सभी को उचित देखभाल मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications