मैहर मां शारदा मंदिर में अब नौकरी नहीं कर सकेंगे मुस्लिम कर्मचारी, मंत्री उषा ठाकुर के आदेश से मची खलबली
Maihar Temple: विश्व हिन्दु परिषद और बजरंग दल ने इस निर्णय पर हर्ष जताया है। कहा है कि उनकी लंबे समय से यह मांग थी। मंत्री का निर्णय स्वागत योग्य है। हम मां शारदा की महाआरती करेंगे।

Maihar Temple:मध्यप्रदेश सरकार की धर्मस्व मंत्री ऊषा ठाकुर ने एक विवादित निर्णय दिया है। सतना जिले की धार्मिक नगरी मैहर में मांस-मदिरा की दुकानें बंद करने का फरमान जारी हुआ है। इसके साथ ही मंदिर के प्रबंधक समिति में पदस्थ मुस्लिम कर्मचारियों को हाटाए जाने के भी निर्देश जारी किए हैं। मैहर मंदिर दर्शन करने आई संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर को एक ज्ञापन दिया गया था इस पर संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि, मैहर मंदिर की प्रबंधक समिति में पदस्थ मुस्लिम कर्मचारियों को हटाया जाए।
मध्य प्रदेश के धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री के निर्देश पर विभाग ने एक निर्देश सतना कलेक्टर को जारी किया है। इसमें विभाग ने कहा है कि मैहर में मां शारदा मंदिर में पदस्थ मुस्लिम कर्मचारियों को हटाया जाए। साथ ही 3 दिनों में इसकी रिपोर्ट मांगी है।
सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा को दिए आदेश में धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग ने कहा है कि धार्मिक नगरी मैहर के शारदा देवी मंदिर से मांस मदिरा की दुकानें हटाए जाने और प्रबंध समिति में पदस्थ मुस्लिम कर्मचारियों को तत्काल हटाए जाने के आदेश विभाग की मंत्री उषा ठाकुर की ओर से दिए गए हैं। इसमें मंत्री ठाकुर के द्वारा विभाग को लिखे पत्र का हवाला देते हुए तीन दिन में शारदा प्रबंध समिति से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की रिपोर्ट मांगी गई है।

धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग ने इसके पहले 24 नवम्बर 2022 को भी एक पत्र जारी कर मैहर नगरी एवं चित्रकूट को लेकर सतना कलेक्टर को भेजा था। इसमें आदेश दिए गए थे कि मैहर और चित्रकूट में 8 किलोमीटर के अंदर में शराब और मांस की दुकानें नहीं खोलने को लेकर नगर परिषद मैहर अध्यक्ष की ओर से मांग की गई है। इसलिए इस पर कार्यवाही कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था।
बताते चलें कि इसको लेकर बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद महाकौशल प्रांत जिला मैहर के जिला संयोजक भानु प्रताप सिंह पिछले दो साल से विभाग की मंत्री को ज्ञापन देकर मैहर नगर पालिका एरिया से मांस मदिरा की दुकान हटाने और मुस्लिम कर्मचारी हटाने की मांग कर रहे थे। इनके द्वारा यह भी कहा गया था कि सलीम समुदाय के लोग यहां हिन्दू नाम से दुकानें चलित कर रहे हैं।
इस आदेश में एसडीएम ने जानकारी दी कि वर्तमान में दो कर्मचारी मुस्लिम है। दोनों नियमित कर्मचारी हैं। समिति में प्रस्ताव रखा जाएगा और उसके अनुरूप ही कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस फरमान को लेकर हड़कंप की स्थिति बन गई है। उधर इस निर्णय को लेकर विहिप और बजरंग दल ने मां शारदा की महाआरती करने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications