Murder in maihar: शादी समारोह में डांस कर रहे थे दोस्त, गले लगा कर मौत के घाट उतारा, बेहद शातिराना था प्लान!
Maihar News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में दोस्त के शादी समारोह में आए युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि डांस करने को लेकर ये विवाद हुआ था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दूसरे घायल को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी मुताबिक अमरपाटन थाना क्षेत्र में बारात में नाचने के दौरान दो भाइयों पर चाकू से हमला किया गया था। वारदात में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ग्राम गोरा में शुक्रवार देर रात दो सगे भाइयों रावेंद्र पटेल और प्रकाश पटेल इटमा खजुरी निवासी पर चाकू से हमला हुआ। रावेंद्र की मौत हो गई, जबकि प्रकाश को देर रात संजय गांधी मेडिकल हॉस्पिटल रीवा ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी शिवकुमार सिंह एवं टीआई अमरपाटन केपी त्रिपाठी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
गोरा गांव में बुनकर समाज के यहां इटमा खजुरी से बारात आई थी। बारात में दूल्हे के दोस्त रावेंद्र और प्रकाश भी शामिल हुए। रात करीब 10 बजे बारातियों के साथ दोनों भाई नाच रहे थे। वधू पक्ष से नीरज कोरी निवासी करुआ भी नाचने लगा। नाचते हुए उसने रावेंद्र को गले लगाया और फिर किनारे ले गया। यहां उस पर चाकू से कई वार किए। भाई पर हमला होता देख प्रकाश पहुंचा तो उस पर भी हमला कर दिया।
चाकू लगते ही दोनों भाई लहूलुहान हो कर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में पुलिस को जानकारी दी गई। रावेंद्र और प्रकाश को पहले सिविल हॉस्पिटल भेजा गया, जहां रावेंद्र की मौत हो गई। टीआई केपी त्रिपाठी के जानकारी मुताबिक आरोपी नीरज कोरी पिता ददुला निवासी करुआ को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications