Nari Shakti Vandan Bill पास होने पर मैहर में जश्न, बीजेपी महिला मोर्चा ने ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली रैली
Nari Shakti Vandan Bill: नारी शक्ति वंदन बिल लोकसभा एवं राज्यसभा से पास होने के उपलक्ष्य में नवनिर्मित मैहर जिले में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। एक-दूसरे को मिठाई खिला कर बधाई दी गई। बिल के समर्थन में वोट देने वालों सांसदों का आभार जताया गया।
इस बीच मैहर भाजपा कार्यालय से महिला मोर्चा की ओर से शुक्रवार को भव्य रैली निकाली गई। सभी महिलाओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।

मैहर महिला मोर्चा की ओर से भाजपा कार्यालय से रैली निकाली गई, मुख्य चौक चौराहों से होते हुए वापस भाजपा कार्यालय पहुंची। जहां महिला मोर्चा के सदस्यों ने एक दूसरे के चेहरे पर गुलाल लगाकर जश्न मनाया। इस दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री मोदी के जयकारे लगाए।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जयंती महेश तिवारी ने कहा कि हम सभी महिलाओं के लिए ये हर्ष का विषय है। मोदी सरकार ने हम महिलाओं की चिंता की। इस बिल के जरिए महिलाओं का सम्मान किया। अब लोकसभा में और विधानसभा में हमारी बहनें चुन कर जाएंगी। सभी अपनी बात रखेंगी। अब कानून बन जाने से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लोकसभा और विधानसभा में मिला है।
बता दें कि महिला आरक्षण बिल को अभी भी समय लग सकता है। जनगणना और परिसीमन के बाद महिला आरक्षण विधेयक साल 2029 के लोकसभा चुनाव तक लागू हो सकेगा। 128वें संविधान संशोधन विधेयक को अधिकांश राज्य विधानसभाओं की मंजूरी मिलने की आवश्यकता है।












Click it and Unblock the Notifications