Bhadohi News: धारदार हथियार से युवक की हत्या, ढाई माह पहले जेल से छूटा, एक दिन पहले वाराणसी से पहुंचा था घर
Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में गुरुवार की रात्रि में धारदार हथियार से वार कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जिस युवक की हत्या हुई है वह ढाई महीने पहले जेल से छूटा था और वाराणसी में रह रहा था। एक दिन पूर्व ही वह वाराणसी से अपने घर आया था।
युवक की हत्या की सूचना मिलने के बाद भदोही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। इस मामले में मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।

यह पूरी घटना भदोही कोतवाली क्षेत्र के मथुरापुर गांव की है। बताया जा रहा है कि मथुरापुर गांव निवासी 35 वर्षीय सौदागर नामक युवक साल 2021 में एक युवक की हत्या के आरोप में जेल में गया था। उस मामले में करीब ढाई महीने पहले सौदागर जेल से छूटा और वाराणसी में टैक्सी चलाने लगा।
एक दिन पूर्व सौदागर वाराणसी से अपने घर पहुंचा था और गुरुवार की रात्रि में उसके गांव में ही एक तालाब के समीप ही धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। मौत की सूचना के बाद परिजन वहां पहुंचे और चीखने चिल्लाने लगे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को भी सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल की।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक भदोही राजेश भारती द्वारा बताया गया कि 24 जून 2021 को मोहम्मद साबिर नामक युवक की हत्या के आरोप में सौदागर जेल में गया था। जेल से छूटने के बाद वह वाराणसी में टैक्सी चलाता था।
उन्होंने यह भी बताया कि मृतक सौदागर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications