UP News: तीन बेटों के साथ कुएं में कूदी मां, दो बेटों समेत मां की मौत, एक की हालत गंभीर
UP News: उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। संतकबीरनगर में शुक्रवार को एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। छलांग लगाने के बाद दो बच्चों समेत मां की मौत हो गई जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा उसके दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा एक बच्चे की हालत गंभीर है जिसे इलाज के लिए लखनऊ के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं घटना से मृतका के मायके और ससुराल में मातम पसरा है।

यह पूरा मामला संतकबीर नगर जिले के सेमरियावा ब्लॉक अंतर्गत पचदेउरा गांव का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर में गांव की रहने वाली 28 वर्षीय जैनतुल फिरदौस की शादी मीरगंज में हुई थी। मृतका के ससुर सैफुल्लाह द्वारा बताया गया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होन के चलते उसका इलाज चल रहा था। वह काफी समय से बीमार रहने के चलते अपने मायके में ही रह रही थी।
बताया जा रहा है कि 6 दिसंबर को ही उसने एक पुत्र काे जन्म दिया था। शुक्रवार को दोपहर में घर के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान फिरदौस अपने नवजात बेटे के अलावा 5 वर्षीय मोहम्मद अकरम और 7 वर्षीय मोहम्मद अरहम के साथ सिवान में स्थित एक कुएं के पास गई और उसमें छलांग लगा दी।
इस दौरान समीप में बकरी चरा रही एक महिला ने उसे कुएं में कूदते हुए देख लिया और शोर मचाते हुए उसने लोगों को वहां बुलाया। लोग वहां पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद कड़ी मशक्कत कर फिरदौस और उसके तीनों बेटों को कुएं से बाहर निकाला गया।
हालांकि तब तक फिरदौस व उसके नवजात बच्चे तथा अरहम की मौत हो गई थी। वहीं कुएं में गिरने के चलते गंभीर रुप से घायल मो. अकरम को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ मेडिकल कालेज में इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सत्यजीत गुप्ता, एडिशनल एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के परिजनों से पूछताछ किए। एसपी सत्यजीत कुमार द्वारा बताया गया कि महिला और उसके दोनों बेटों की लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications