Husband Wife Story: बच्चों की याद आई या प्यार जागा? पति ने चार दिन बाद पत्नी को वापस बुला लिया!
Sant Kabir Nagar husband wife story: यूपी के संत कबीरनगर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की शादी खुद उसके प्रेमी से करवाई, लेकिन महज चार दिन बाद ही उसे वापस लेने पहुंच गया। उसने कहा कि बच्चों की देखभाल करना मुश्किल हो रहा था, इसलिए वह अपनी पत्नी को फिर से घर ले आया। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, धनघटा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली राधिका अपने पति बबलू और दो बच्चों को छोड़कर प्रेमी विकास के साथ चली गई थी। हालांकि, चौंकाने वाली बात यह थी कि इस शादी को खुद राधिका के पति बबलू ने अपनी सहमति से कराया था। उसने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ नए जीवन की शुरुआत करने की अनुमति दे दी थी और खुद गवाह बनकर शादी पूरी कराई थी।

चार दिन बाद बदला दिल
शादी के महज चार दिन बाद ही बबलू की सोच बदल गई। 28 मार्च की रात वह विकास के घर पहुंचा और अपनी पत्नी को वापस लौटाने की अपील करने लगा। उसने बताया कि बच्चों की देखभाल करना उसके लिए मुश्किल हो रहा है। काफी बातचीत के बाद विकास ने राधिका को वापस भेजने पर सहमति जताई, और इस तरह राधिका अपने पहले पति बबलू के पास लौट आई।
विकास की मां का कहना है कि उन्होंने पहले ही इस शादी का विरोध किया था, लेकिन सामाजिक दबाव में इसे स्वीकार करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जब बबलू अपनी पत्नी को लेने आया, तो उसने बच्चों को पालने में आ रही दिक्कतों का हवाला दिया। उसने कहा कि उससे गलती हो गई और वह अपनी पत्नी को वापस लाना चाहता है। आखिरकार, आपसी सहमति से राधिका फिर अपने पहले घर लौट गई।
मजदूरी के दौरान पत्नी को हुआ प्रेम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2017 में बबलू की शादी राधिका से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। कुछ समय पहले बबलू मजदूरी के लिए दूसरे राज्य चला गया था। इसी दौरान राधिका का प्रेम-प्रसंग गांव के ही युवक विकास से शुरू हो गया। जब बबलू को इसकी भनक लगी, तो उसने लड़ाई करने के बजाय पत्नी को खुशी से विदा करने का फैसला किया।
बबलू ने समाज के लोगों से विचार-विमर्श किया और फिर राधिका की शादी विकास से कराने का ऐलान कर दिया। हिंदू रीति-रिवाजों के साथ मंदिर में शादी कराई गई, जिसमें बबलू ने खुद गवाह बनकर समर्थन दिया। इतना ही नहीं, कोर्ट में जाकर भी उसने अपनी पत्नी के नए रिश्ते की गवाही दी। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन के साथ फोटो भी खिंचवाई, लेकिन चार दिन बाद ही उसे पत्नी की याद सताने लगी।
गांव में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं
इस पूरे मामले में गांव के लोग चुप्पी साधे हुए हैं। कोई भी इस अजीबो-गरीब शादी और वापसी पर खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। राधिका फिलहाल बबलू के साथ रह रही है, जबकि विकास कमाने के लिए दूसरे शहर चला गया है। इस अनोखी शादी और उसके बाद के घटनाक्रम ने पूरे जिले में हलचल मचा दी है।












Click it and Unblock the Notifications