मौत का Viral Video: रेलवे ट्रैक पर बने अंडरपास में डूबा किशोर, रील बनाने के चक्कर में साथियों ने उकसाया
उत्तर भारत में कई दिनों से हो रही बारिश थमने का नाम नही ले रही है। बारिश के पानी से जहां नदियां, नाले और निचले इलाके उफान पर हैं, वहीं रेलवे ट्रैक के अंडरपास भी लबालब भरे हुए हैं। आलम यह है कि पानी से भरे अंडरपास अब जनलेवा साबित होने लगे हैं। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सामने आया यह मामला वाकई चौंका देने वाला है, जिसमे रेलवे ट्रैक के अंडरपास में भरे पानी में डूबकर एक किशोर की मौत हो गई।
रेलवे ट्रैक के अंडरपास बना तालाब
आपको बता दें कि थाना देहात कोतवाली इलाके के गांव शेखपुरा कदीम में हाल ही में रेलवे का अंडरपास बनाया गया है। पिछले काफी दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से अंडरपास में पानी भरा हुआ है। अंडरपास में पानी भरने की वजह से आवाजाही पूरी तरह बाधित हो चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिम अंडरपास में भरे पानी में गांव के बच्चे नहाने जाते हैं।

रील बनाने के चक्कर में कूदा था मुनीर
मंगलवार की शाम भी शेखपुरा कदीम निवासी जमशेद कुरैशी का 12 वर्षीय बेटा मुनीर अपने दोस्तों के साथ अंडरपास में नहाने गया हुआ था। जहां नहाने से पहले वे लोग रील बना रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि मुनीर अंडरपास की दीवार पर बैठा हुआ है और रील बना रहा शख्स मुनीर को अंडरपास के गहरे पानी मे कूदने के लिए उकसा रहा है। हालांकि मुनीर गहरे पानी को देखकर कूदने से झिझक रहा है। लेकिन बार बार कहने पर वह पानी मे कूद गया। जिसके बाद मुनीर की पानी मे डूबने से मौत गई।
बिना पोस्टमार्टम के किया सपुर्देखाक
अंडरपास में युवक के डूबने की सूचना मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाल लिया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अंडरपास में नहाते वक्त बालक की मौत हुई है। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को ले गए और सपुर्देखाक कर दिया।
मौत का वायरल वीडियो
उधर बालक के अंडरपास में कूदने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रील बना रहा शख्स बालक को कूदने के लिए कह रहा है। शुरू में तो बालक पानी मे कूदने से हिचकिचा रहा है लेकिन साथियों द्वारा बार-बार उकसाने पर वह कूद जाता है। देखते ही देखते वो डूबने लगता है। कुछ साथी उसे बचाने के लिए भी कूदते हैं लेकिन बचा नहीं पाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications