सहारनपुर: LJP नेता के बेटे की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, कुत्ता बना वजह
सहारनपुर। कुत्ते के शौच को लेकर हुए विवाद में गुरूवार को लोक जनशक्ति पार्टी के नेता के पुत्र की लाठी-डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने आये युवक के माता-पिता समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर का ताला लगाकर फरार हो गए। वहीं, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला जनकपुरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला दामोदर पुरी का है। लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारी हरिओम पासवान ने एक कुत्ता पाल रखा है। बताया जा रहा है कि हरिओम के कुत्ते ने पड़ोस में ही रहने वाले एक व्यक्ति के घर के सामने गली में गंदगी कर दी। इससे पड़ोस के परिवार के लोग गुस्से में आ गए। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को हरिओम पासवान के बेटे दीपक की पड़ोस में रहने वाले शुभम से कुत्ते के शौच को लेकर कहासुनी हुई थी। शाम को शुभम ने अपने साथियों के साथ दीपक पर हमला बोल दिया और उसकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
दीपक के माता और पिता ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी। शोर सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। जबकि आरोपी अपने घर का ताला लगाकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनीत भटनागर, सीओ सदर रजनीश उपाध्याय, जनकपुरी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह एवं नगर कोतवाली प्रभारी वीरेश गिरि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। वहीं, एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि दीपक की मौत हो चुकी है, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। विवाद का कारण कुत्ते की ओर से गंदगी करना बताया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications