PM नरेंद्र मोदी जिस 'रविदास लोक' की आधार शिला रखेंगे, वहां युवाओं को रोजगार का प्रशिक्षण भी मिलेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के सागर में जिस संत रविदास लोक (मंदिर) का भूमिपूजन करने वाले हैं, वह कई मायनों में देश के अन्य मंदिरों से अलग होगा। यहां रविदास का जीवनवृत्त, प्रतिमाएं, पेंटिंग की गैलरी, म्यूजियम तैयार होगा। सबसे अहम बात मंदिर परिसर में युवाओं के लिए कौशल शिक्षा के लिए सेंटर भी संचालित होगा, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े।

मध्य प्रदेश सरकार की पहल पर सागर जिले के ग्राम बड़तूमा में 100 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे संत शिरोमणि रविदास मंदिर निर्माण का संतो ने स्वागत किया है। संतो ने कहा है कि संत रविदास मंदिर बनने से रविदास जी की वाणी और विरासत से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। संत शिरोमणि रविदास जी के संतों, अनुयायियों एवं समाज के अनेक लोगों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर दीपक आर्य का मंदिर निर्माण में सहयोग करने पर अभिनंदन किया। साथ ही कहा कि मंदिर निर्माण में हम सभी हर संभव मदद करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बुंदेलखंड की रीति-रिवाज परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया जाएगा।
संत शिरोमणि रविदास मंदिर के भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्माण का स्वागत करते हुए रविदास जी के अनुयायियों ने कहा कि हम सभी लोग आज उत्साहित एवं अभिभूत हैं। जिले में 100 करोड़ रुपए की लागत से मध्य प्रदेश का प्रथम इतना भव्य एवं दिव्य मंदिर एवं संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर निर्माण में जो भी आवश्यक सहयोग होगा वह संत समाज एवं अनुयायी करेंगे। कुल्ल ग्राम आश्रम के महंत कमल दास महाराज ने कहा कि मंदिर निर्माण से न केवल धार्मिक भावनाओं को बल मिलेगा वही रोजगार एवं पर्यटन के क्षेत्र में नया अध्याय प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में कौशल शिक्षा भी प्रदान की जाएगी, जिससे कि हमारे नौजवानों को रोजगार की शिक्षा भी मिल सकेगी।
कौशल विकास के प्रशिक्षण से प्रदेश के युवा वर्ग को रोजगार मिलेगा
संतो द्वारा कहा गया कि 100 करोड़ की सौगात से तैयार हो रहे मंदिर परिसर में कौशल विकास के प्रशिक्षण से प्रदेश के युवा वर्ग को रोजगार के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी होगी। नगर वासियों एवं सागर में आने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छा सुसज्जित पर्यटन स्थल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर में सामाजिक, रचनात्मक, वैवाहिक एवं धार्मिक कार्यक्रम को संपन्न कराने में भी आसानी होगी।












Click it and Unblock the Notifications