लुटेरी दुल्हन बताकर नाबालिग छात्रा की फोटो वायरल! पुलिस से बोली, स्टूडेंट हूं, मेरी शादी नहीं हुई

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मड़ियादो थाना अंतर्गत कनकपुरा गांव के व्यक्ति द्वारा कुछ दिन पूर्व फोटो वायरल कर नाबालिग को 'लुटेरी दुल्हन' बताकर बदनाम किया गया था। जब छतरपुर जिले की रहने वाली नाबालिग लड़की को स्कूल की सहेलियों द्वारा बताया गया कि तुम्हारी फोटो लुटेरी दुल्हन के रूप में वायरल हो रही है, तब लड़की द्वारा इसकी जानकारी अपने माता-पिता जो नोएडा उत्तर प्रदेश में मजदूरी कर रहे थे को दी गई। जिस पर माता-पिता घर आए और अपनी बेटी के साथ छतरपुर थाना में शिकायत की। छतरपुर की पुलिस द्वारा उनको बताया गया कि मामला मड़ियादो थाना से खबर वायरल होने के चलते शिकायत मड़ियादो थाना में होगी। तब नाबालिग लड़की अपने माता-पिता व बड़े ताऊ के साथ मड़ियादो थाने पहुंची और अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई।
झूठी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है
नाबालिग लड़की ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मैं 10वीं कक्षा में पढ़ती हूं, मेरी उम्र 17 साल है। वहीं उसके माता पिता ने बताया की हमारी लड़की की फोटो सोशल मीडिया पर लुटेरी दुल्हन के रूप में बताकर बदनाम किया जा रहा है। जिस कारण उसकी व उसके परिवार की बदनामी हो रही है।
स्कूल में लुटेरी दुल्हन के नाम पर चिढ़ाते हैं, बदनामी हो रही है
लड़की ने कहा कि अब स्कूल में भी लुटेरी दुल्हन के रूप में बदनाम हो रही हूं। इस कारण मैं चाहती हूं कि मेरी झूठी खबर फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए व पुनः मेरी फोटो वायरल कर लोगों को बताया जाए कि मैं लुटेरी दुल्हन नहीं हूं।
नाबालिग लड़की मेरी दुल्हन नहीं है, फोटो इसी की दिखाई थी
बता दें कि मड़ियादो थाना में एक लुटेरी दुल्हन को लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसमें फरियादी कन्हैया यादव ने बताया था कि मुझे यह फोटो दिखाकर मेरी शादी कराई गई थी, लेकिन यह नाबालिग छात्रा मेरी दुल्हन नहीं है। मेरी शादी दूसरी युवती से हुई थी, जो 85 हजार रुपए लेकर फरार हो गई थी। चूंकी उसकी लुटेरी दुल्हन के परिजन ने जो फोटो दी थी, वो इसी नाबालिग लड़की की फोटो थी, जिसे मैंने पुलिस को शिकायत के साथ सौंपी थी। पूरे मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications