Rewa News: इंजीनियरिंग कालेज रीवा में डीम्ड विश्वविद्यालय की होगी स्थापना, ग्लोबल स्किल पार्क का होगा निर्माण
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा इंजीनियरिंग कालेज में 200 सौ करोड़ रुपए की लागत से ग्लोबल स्किल पार्क का निर्माण होगा तथा इंजीनियरिंग कालेज रीवा में डीम्ड विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।
पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने विकास पर्व के दौरान शासकीय इंजीनियरिंग कालेज में 417.88 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कम्प्यूटर साइंस ब्लाक का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने 150.84 लाख रुपए से निर्मित 6 अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने छात्रावास का भूमिपूजन भी किया।

कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भोपाल में सिंगापुर की तर्ज पर प्रदेश के पहले ग्लोबल स्किल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। शीघ्र ही 200 सौ करोड़ रुपए की लागत से रीवा इंजीनियरिंग कालेज में ग्लोबल स्किल पार्क की स्थापना की जाएगी।
ग्लोबल स्किल पार्क के बन जाने से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होने लगेगा जो विद्यार्थियों के लिए सोने में सुहागा होगा। उन्होंने कहा कि यदि ग्लोबल स्किल पार्क के निर्माण के लिए जगह की कमी पड़ेगी तो कालेज से लगी आईटीआई की जमीन को इससे अण्डरपास बनाकर जोड़ दिया जाएगा।
शुक्ल ने कहा कि रीवा किसी भी मामले में किसी से पीछे नहीं है। रीवा अब विकास के रास्ते पर चल पड़ा है और यह पूर्ण विकसित जिला बनकर ही देश में अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि रीवा में रिंग रोड, हवाई अड्डा, रिवर फ्रंट आदि के निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं। हाल ही में राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का लोकार्पण हो चुका है जहाँ राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता के मैच खेले जा रहे हैं।
यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित होगी क्योंकि खेलों से उमंग, उत्साह, भाईचारे की सद्भावना पैदा होती है। इंजीनियरिंग कालेज में कम्प्यूटर साइंस ब्लाक बनाने वाली निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कल से ही इसका काम आरंभ कर दें तथा उच्च गुणवत्ता का निर्माण कराएं।












Click it and Unblock the Notifications