झारखंड में जारी सियासी हलचल के बीच भाजपा के चार विधायकों को स्पीकर ने किया सस्पेंड
रांची, 02 अगस्त: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने बीजेपी के चार विधायकों को निलंबित कर दिया है। अब बीजेपी के ये सभी चार विधायक 4 अगस्त तक के लिए सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। निलंबित होने वाले बीजेपी विधायकों में भानु प्रताप शाही, ढुल्लू महतो, जय प्रकाश भाई पटेल, रणधीर सिंह शामिल हैं। इन विधायकों पर सदन में हंगामा करने, वेल में आकर नारेबाजी करने, वेल में भाषणबाजी करने और स्पीकर की बात को अनदेखी करने को लेकर कार्रवाई की गई है।

बता दें, बीजेपी के विधायक सदन के बाहर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग पर अड़े थे। सभी विधायकों के हाथों में तख्ती थी। सदन के अंदर बीजेपी विधायकों ने हंगामा करते हुए 'हेमंत सोरेन इस्तीफा दो' का नारा लगाया। यही नहीं, बीजेपी के विधायक लगातार वेल में नारेबाजी करते रहे। बीजेपी, हेमंत सोरेन से भ्रष्टाचार और खनिज लूट पर इस्तीफा मांग रही है।
बीजेपी विधायकों के मंगलवार को भी सदन में हंगामा किया। इसपर विधानसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। साथ ही कहा कि अब मैं कुछ नहीं बोलूंगा, क्योंकि आप बात नहीं सुनते हैं। इसके बाद चार विधायकों को सस्पेंड कर दिया। बता दें, स्पीकर ने सोमवार को ही कहा था, मुझे संसद की तरह ही कार्रवाई करने के लिए विवश नहीं करे। बीजेपी विधायक विरंची नारायण ने कहा कि राज्य में कोयला, बालू और पत्थर की लूट मची है। इस मामले पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications