रामपुर: टीचर ने जबरन छात्रा के चेहरे पर लगाया केक, Video वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
रामपुर: टीचर ने जबरन छात्रा के चेहरे पर लगाया केक, Video वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
रामपुर, 12 सितंबर: खबर उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से है। यहां दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में एक शिक्षक कोचिंग पढ़ने आई छात्रा को जबरन केक लगाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

वहीं, वीडियो वायरल होने पर स्कूल प्रशासन ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया था। एएसपी संसार सिंह ने बताया,
थाना सिविल लाइन में एक व्यक्ति ने तहरीर दी कि उसकी बेटी कक्षा 11वीं में पढ़ती है। जिसके साथ कोचिंग में अध्यापक द्वारा अश्लील हरकत की गई और ज़बरन उसके मुंह पर केक लगाया। पोक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अध्यापक को गिरफ़्तार किया गया है।
प्राप्त समाचार के मुताबिक, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की कृष्णा विहार कालोनी निवासी आलोक कुमार सक्सेना बरेली रोड स्थित सीबीएसई पाठ्यक्रम वाले एक स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर का संचालन भी करते हैं। कुछ दिनों से शिक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें वह एक छात्रा के चेहरे पर केक लगाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो देखकर स्कूल ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया था।
वीडियो देखने के बाद छात्रा के परिजनों ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार की देर रात को आलोक कुमार सक्सेना के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (छेड़खानी), लैंगिक अपराध से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धारा-9 और धारा-10 में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक वायरल क्लिप उनके कोचिंग सेंटर की है।












Click it and Unblock the Notifications