पिता का जन्मदिन बना बेटे का अंतिम दिन; 10 वर्षीय बालक ने ईंट से कुचल दिया 4 वर्षीय मासूम का सिर
उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 4 वर्षीय मासूम की ईंट से सर कुचल कर निर्मम हत्या कर दी गई। लेकिन हैरानी की बात ये है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला एक 10 वर्षीय बालक है। मैदान में खेलते समय दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। और तो और इस घटना के बारे में पुलिस को सूचना भी आरोपी किशोर ने ही दी।
पिता के लिए चॉकलेट लेने गया था बच्चा, फिर नहीं लौटा
आपको बता दें कि मूल रूप से मुरादाबाद सिसऊआ निवासी योगेंद्र यादव रामपुर में मोबाइल टावर में टेक्नीशियन का काम करते हैं। वहीं रामपुर स्थित ज्वालानगर के प्रेम पटवारी इलाके में उनका मकान है। बताया जा रहा है कि मृत बालक के पिता का आज जन्मदिन था, जिसके चलते उनका 4 वर्षीय बेटा 'युग' दुकान से चॉकलेट लेने के गया था। लेकिन रास्ते में उसे मोहल्ले का ही 10 वर्षीय बालक मिल गया, जिसके साथ वह सांई विहार मोहल्ले में खाली प्लाट पर खेलने के लिए साईकिल से चला गया।

दोनों में हुई मारपीट, युग के सर पर दे मारी ईंट
वहीं जब युग काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो उन्हें चिंता होने लगी। लेकिन यह सोचकर कि अभी आ जाएगा वो उसका इंतजार करते रहे। उधर युग जिस 10 वर्षीय बालक के साथ खेलने गया था, उससे उसकी अक्सर बातचीत हुआ करती थी और दोनों में गाली-गलौज भी होता था। लेकिन आज दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद मारपीट होने लगी और इस दौरान बालक ने चार वर्षीय युग पर ईंट से वार कर उसे लहुलुहान कर दिया।

पुलिस को खुद ही दी घटना की जानकारी
इसके बाद जब युग नहीं उठा तो वह घबरा गया और घर की तरफ भागने लगा। इस बीच उसको शहजादनगर थाने से अपने घर को जा रही वर्दी पहने कांस्टेबल आती दिखीं। उसने कांस्टेबल को रोका और खुद ही घटना की जानकारी कांस्टेबल को देते हुए बताया कि एक बच्चा मैदान में पड़ा हुआ है, उसके खून निकल रहा है। कांस्टेबल फ़ौरन मौके पर पहुंची और सिविल लाइन थाने के इंस्पेक्टर शरद पंवार को फोन लगा दिया और मामले की जानकारी दी।

पुलिस को उलझाने की कोशिश
इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युग अर्धनग्न अवस्था में खून से सना पड़ा था। इंस्पेक्टर ने उस बालक को रोक लिया और आला अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे अधिकारीयों की पूछताछ में बालक इधर-उधर की बातें करने लगा। जिस पर सिविल लाइन पुलिस उसको थाने ले आई और शुरू से उससे पूरी बात पूछी। जुच देर बाद उसने कबूल किया कि युग के गाली देने पर उसी ने युग को ईंट से कुचलकर मार दिया। पुलिस अब बालक को बच्चा जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

10 रुपए का नोट भी हो सकता है युग की मौत का कारण
हालाँकि, घटना स्थल पर शव के कुछ दूरी पर ही एक 10 रुपये का नोट भी पड़ा हुआ था। जबकि युग की टी-शर्ट उतरी हुई थी और उसके सिर से खून बह रहा था। पुलिस हालांकि गाली-गलौज करने को मारने की वजह बता रही है, लेकिन 10 रुपये का नोट भी वहां पर पड़ा हुआ था। ऐसा भी हो सकता है कि गाली-गलौज 10 रुपये के नोट को लेकर हुई हो।












Click it and Unblock the Notifications