सौराष्ट्र के सबसे बड़े स्टेडियम से पाकिस्तान का नाम कटा, इंडिया की प्लेट हुई सभी देशों से आगे
Gujarat News, राजकोट। पुलवामा हमले के बाद एक ओर जहां वनडे वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच के होने को लेकर संशय बरकरार है, तो दूसरी ओर उसे वर्ल्ड कप से पूरी तरह अलग करने पर भी भारतीय नेतृत्व विचार कर रहा है। इसी बीच सौराष्ट्र के सबसे बड़े खंढेरी स्टेडियम से पाकिस्तान का पत्ता काट दिया गया है। यह फैसला सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) ने लिया है, जिसके अनुसार खंढेरी स्टेडियम से पाकिस्तान का नाम हट गया है। यानी, दोनों देशों के बीच यही स्थिति रही तो पाकिस्तान को कोई भी खिलाड़ी यहां एंट्री नहीं ले सकेगा।

पाकिस्तान का नाम अब हट चुका
एससीए के अधिकारियों के अनुसार, बैनर से पाकिस्तान का नाम अब हट चुका है। मुख्य देशों के नाम की प्लेट लगाई गई है, जिनमें सबसे पहले भारत की प्लेट है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका की प्लेट लगी हैं। एससीए के इस फैसले को गुजरात में पुलवामा आतंकी हमले के विरोध के रूप में लिया जा रहा है। पाक परस्त आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर स्थित पुलवामा में भीषण ब्लास्ट किया था। इस ब्लास्ट में भारतीय केंद्रीय बलों के 40 जवान शहीद हो गए थे।

पाक के खिलाफ बीसीसीआई भी आईसीसी को करेगा शिकायत
इधर, सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) के फैसले के बाद लोगों का ध्यान दुबई में सोमवार यानी 25 फरवरी को हो रही आईसीसी की तिमाही बैठक पर भी गया है। इस बैठक में भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ मांग उठाए जाने की संभावना हैं। हालांकि, एजेंडे में यह मुद्दा अधिकारिक तौर पर अभी शामिल नहीं है। किंतु जैसा कि बैठक में सीईओ राहुल जौहरी और बीसीसीआई के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी भी हिस्सा ले रहे हैं तो यह मुद्दा उठने की भी संभावना है।

बीते दिनों बीसीसीआई ने आईसीसी को पत्र लिखकर कहा भी था कि क्रिकेट समुदाय से आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों को अलग कर दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications