राजकोट में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकेंगे कांग्रेस मुखिया राहुल गांधी, किसानों से करेंगे सवाल
Gujarat News in Hindi, राजकोट। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस गुजरात में राहुल गांधी की अगुवाई में किसानों के लिए रैली आयोजित करने जा रही है। इस रैली में कांग्रेस पदाधिकारियों ने 15 हजार से ज्यादा किसानों के शामिल होने का दावा किया है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी इन किसानों से प्रश्नोत्तर करेंगे। इसके लिए पार्टी आज ही प्रेसवार्ता कर रही है।

टंकारा के विधायक और राजकोट लोकसभा सीट के संभावित उम्मीदवार ललित कगथरा के मुताबिक, सौराष्ट्र का किसान पाक-बीमा समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार से नाराज है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में किसानों के लिए यह सभा हो रही है। हालांकि, अभी इसकी तारीख और समय की घोषणा नहीं की जाएगी।

'मिशन शक्ति' पर मोदी को घेरा
'मिशन शक्ति' को लेकर कगथरा ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखे हमले बोले। कहा कि मोदी प्रसिद्धि बटोरना चाहते हैं। इसीलिए चुनाव के समय स्पेस मिशन की बात की है। काग्रेस की पूर्व पीएम इन्दिरा गांधी के समय में भी स्पेस मिशन किया गया था, लेकिन उन्होंने कभी इसका श्रेय लेने का प्रयास नहीं किया। मोदी ने यह घोषणा कर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। चुनाव आयोग भी यह बात अच्छी तरह जानता है।
'कांग्रेस में आतंरिक गतिरोध जैसी बात नहीं'
उमीदवारों की घोषणा में हो रही देरी पर कांग्रेस नेता ने कहा कि यहां तमाम कार्यकर्ताओं और नेताओं की सुनने के बाद लोकशाही तरीके से उम्मीदवार का चयन होता है। इसीलिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करने में समय लग रहा है। कांग्रेस में आंतरिक घर्षण जैसी कोई बात नहीं है। तमाम कार्यकर, अग्रणी हाइकमांड के निर्णय का सम्मान करते हैं और उसी के मुताबिक काम करते हैं।

इधर, सुरेंद्रनगर लोकसभा सीट के लिए देवजी फतेपरा के पोस्टर लगाए
लास्ट टर्म में सुरेंद्रनगर लोकसभा सीट पर भाजपा सांसद चुने जा चुके देवजी फतेपरा इस बार अपनी पार्टी से काफी नाराज हैं। भाजपाई आलाकमान ने उनका टिकट काट दिया है, यानी अब उन्हें इस सीट पर चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा। ऐसे में कांग्रेस ने देवजी फतेपरा को अपनी ओर वापस लाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। वहीं, फतेपरा के समर्थकों ने हलवद के ग्राम्य विस्तार में उनके समर्थन में पोस्टर चिपका डाले हैं। इन पोस्टरों में साफ लिखा गया है कि, "सुरेंद्रनगर की लोकसभा सीट के लिए देवजी फतेपरा के सिवाए और कोई नहीं।"

बता दें कि, लोकसभा चुनावों के साथ-साथ हलवद और धांगध्रा की सीट पर उपचुनाव भी होने वाले हैं। देवजी फतेपरा की हाल ही कांग्रेस के नेताओं संग मीटिंग भी हुई थी। जिसमें अर्जुन मोढवाडिया और नौशाद सोलंकी जैसे कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद रहे। कहा जा रहा है कि देवजी फतेपरा कांग्रेस की तरफ से धांगध्रा सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुट गए हैं।
पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019: गुजरात में 30 मार्च को 30 किमी लंबा रोड शो करेंगे भाजपा के मुखिया अमित शाह












Click it and Unblock the Notifications