गूंगा-बहरा बनकर ऑफिस में घुसा, 15 लाख के हीरे लेकर हो गया फरार, CCTV पर उलझ गई पुलिस
Gujarat News in Hindi, भावनगर। गुजरात में भावनगर के निर्मलनगर क्षेत्र में स्थित माधवरत्न बिल्डिंग में 15 लाख रुपए के हीरे चोरी हो गए। हीरो चुराने वाला शख्स गूंगा-बहरा बनकर ऑफिस में घुसा था, जो वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। ऑफिस के ऑनर के मुताबिक, हीरों के साथ-साथ ही वह कागजात भी ले भागा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि चोर के साथ एक अन्य शख्स भी था।

30 साल का लग रहा था, गूंगा-बहरा होने की एक्टिंग कर रहा था वह
माधवरत्न बिल्डिंग के ऑनर अल्पेशभाई वघाशिया ने बताया कि वे अपने ऑफिस में बैठे थे, तभी एक 30 साल का युवक अंदर आया। गूंगा-बहरा होने की एक्टिंग कर कुछ कागजात दिखाने लगा। उसे बाहर जाने के लिए बोला गया तो वह कागजात के साथ-साथ टेबल पर पड़े के हीरे के पैकेट भी लेकर निकल गया। उन हीरों की कीमत करीब 15 लाख रुपए है।

15 लाख रुपए के हीरे गुम होते ही मालिक को चला पता
हीरे का पैकेट गुम होने की खबर लगते ही वहां कोहराम मच गया। सीसीटीवी खंगाले गए। हालांकि, तब तक वह चोर वहां से फरार हो चुका था। घटना की जानकारी मिलने पर ए. डिवीजन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां बिल्डिंग के सीसीटीवी खंगाले। जिसमें आरोपी के साथ अन्य शख्स भी होने का अंदेशा लगा।

पुलिस के सामने अब ये थ्योरी
ऑफिस में रहने वाले अल्पेशभाई के मुताबिक, ऑफिस के अंदर एक ही शख्स आया था, लेकिन पुलिस इस वारदात में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की बात कह रही है। इस वारदात के चलते पूरे हीरा मार्केट में कोलाहल मच गया। कारोबारियों ने चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। फ़िलहाल सीसीटीवी के आधार पर चोरों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications