भूमि विवाद केस को सुप्रीम कोर्ट में जीत चुके शख्स की 12 लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में हत्या कर दी
राजकोट. गुजरात में राजकोट के भूमि विवाद केस को सुप्रीम कोर्ट में जीत चुके एक शख्स की 12 लोगों ने हत्या कर दी। शख्स पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, वो भी पुलिस की मौजूदगी में। शख्स को बचाने आए अन्य दो लोगों को भी निशाना बनाया गया। वहीं, घायल शख्स के लहूलुहान होकर गिरने पर पुलिसकर्मी सक्रिय हुए। पुलिसकर्मियों ने इस मामले में 4 महिलाओं समेत 12 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

सालों से चला आ रहा था भूमि विवाद
संवाददाता के अनुसार, मृतक की पहचान लखधीरसिंह के रूप में हुई है। वह सुप्रीम कोर्ट में केस जीतने के बाद पुलिस के साथ जमीन पर कब्जा लेने गया था। तभी उसको मौत के घाट उतार दिया गया। बताया जाता है कि, भूमि विवाद राजकोट के ठेबचड़ा गांव की जमीन को लेकर चल रहा था। यह विवाद लखधीरसिंह जडेजा और बिजल कोली के बीच सालों से चला आ रहा था।

बिजल गुट के लोग खेतों में हथियार लेकर छिपे थे
कुछ दिनों पहले ही लखधीरसिंह सुप्रीम कोर्ट में इस मामले का केस जीत चुके थे। इसी कारण वह पुलिस के साथ अपनी जमीन पर कब्जा लेने जा रहे थे। इसकी सूचना बिजल के गुट को पहले से मिल चुकी थी। जिसके चलते बिजल की गैंग के लोग खेतों में हथियार लेकर छिप गए थे। लखधीरसिंह के पहुंचते ही उस पर अचानक हमला कर दिया गया। पुलिस मौजूद थी, लेकिन उसे बचा न सकी।

12 आरोपियों की पुलिस ने धरपकड की
लखधीरसिंह की हत्या के उपरांत पुलिस ने तमाम 12 लोगों की धरपकड़ की। डीसीपी रविमोहन सैनी ने बताया कि, दोनों गुटों के बीच झगड़ा होने की सूचना कंट्रोलरूम में पुलिस को मिली थी। जिसके बाद सिपाहियों का दस्ता मौके पर भेज दिया गया था। उसी समय कुछ लोगों ने अचानक ही लखधीरसिंह पर हमला किया। जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के कारण लखधीरसिंह की मौत हो गई। अब पीआई दर्जे के अधिकारी को इस केस की जांच सौंपी गई है। जिसका सुपरविजन एसीपी द्वारा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications